डेरा हिंसा : पंचकूला में 10 करोड़ की सम्पत्तियों को पहुंचा नुक्सान

चंडीगढ़, 17 जनवरी (सुरजीत सिंह सत्ती) : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को साध्वियों के साथ दुष्कर्म के आरोप में गत वर्ष पंचकूला की अदालत द्वारा सज़ा सुनाए जाने के पश्चात् पंजाब एवं हरियाणा में हुई हिंसा के दौरान बड़े स्तर पर हुए नुक्सान की रिपोर्ट हरियाणा सरकार ने बुधवार को जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली फुल बैंच समक्ष पेश की। बैंच ने जानकारी रिकार्ड पर लेते हुए सुनवाई आगे डाल दी है। हरियाणा सरकार ने हिंसा के दौरान समूचे हरियाणा में हुए सरकारी व निजी सम्पत्तियों के नुक्सान, राजस्व के हुए नुक्सान व हिंसा पर काबू पाने के लिए निभाई सेवाओं पर हुए खर्च का विवरण एक रिपोर्ट में बैंच समक्ष पेश किया। इस दौरान सामने आया कि सबसे अधिक 10 करोड़ 48 लाख 1283 रुपए का नुक्सान अकेले पंचकूला में हुआ। वैसे सम्पत्तियों का कुल नुक्सान 18 करोड़ 29 लाख 37 हज़ार 973 रुपए का हुआ और 80 करोड़ 57 लाख 63 हज़ार 58 रुपए के राजस्व का घाटा हुआ और हिंसा रोकने के लिए सेवाओं पर कुल 20 करोड़ 9 लाख 33 हज़ार 824 रुपए खर्च हुए। नैशनल हाईवे अथारिटी को कुल एक करोड़ 86 लाख 130 रुपए का नुक्सान हुआ जबकि हरियाणा रोडवेज़ को 13 करोड़ 91 लाख 26 हज़ार रुपए का नुक्सान झेलना पड़ा। उल्लेखनीय है कि सम्पत्तियां बेची नहीं जा सकेंगी और न ही किसी अन्य के नाम पर तबदील की जा सकेंगी।