त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में चुनाव घोषित    

नई दिल्ली, 18 जनवरी (वार्ता, उपमा डागा पारथ) : राजनीतिक और भौगोलिक दोनों ही नजरिए से संवेदनशील माने जाने वाले पूर्वोत्तर के तीन  राज्यों त्रिपुरा ,मेघालय और नागालैंड में विधानसभा चुनाव का ऐलान कर दिया गया है। त्रिपुरा में 18 तथा मेघालय और नागालैंड में 27 फरवरी को मत डाले जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त अचल कुमार जोति ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि त्रिपुरा में 18 फरवरी को तथा मेघालय और नागालैंड में एक ही दिन 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। तीनों राज्य में मतगणना एक साथ 3 मार्च को होगी। जोति ने कहा कि तीनों ही राज्यों की 60-60 सदस्यीय विधान सभा का कार्यकाल मार्च में समाप्त हो रहा है। मेघालय विधानसभा का कार्यकाल 6 मार्च को, त्रिपुरा का 13 मार्च और नागालैंड का 14 मार्च को खत्म हो रहा है ऐसी स्थिति में इन तीनों ही राज्यों में मतदान प्रक्रिया 5 मार्च से पहले समाप्त हो जानी चाहिए। त्रिपुरा में नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 जनवरी है। नामांकन पत्रों की जांच का काम 1 फरवरी को होगा। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 3 फरवरी है।