बिहार में कुरीतियों के खिलाफ  बनेगी अनोखी मानव शृंखला

पटना, 19 जनवरी (एजैंसी) : बिहार में बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ  जागरूकता अभियान के तहत 21 जनवरी को बनने वाली मानव शृंखला में चार करोड़ से ज्यादा लोगों के शामिल होने की योजना है। सरकार का दावा है कि यह अनोखी मानव श्रृंखला 13,654 किलोमीटर लंबी होगी। इस मानव शृंखला का मुख्य बिंदु पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान होगा जहां से यह राज्य की सीमाओं तक अटूट रूप से जाएगी। इस मानव श्रृंखला की तस्वीर और वीडियोग्राफी 40 ड्रोन कैमरे करेंगे।   बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दावा है कि यह मानव श्रृंखला विश्व रिकॉर्ड बनाएगी। नीतीश के इस अभियान को जहां सरकार में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहित अन्य दलों का साथ मिला है वहीं विपक्षी पार्टियां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस ने इस मानव श्रृंखला से खुद को किनारे कर लिया है। पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि ने शुक्रवार को बताया कि जिले की आबादी का प्रत्येक चौथा व्यक्ति इस मानव शृंखला में शामिल होगा।
 पटना में यह शृंखला 588 किलोमीटर लंबी होगी। वहीं, रविवार को दोपहर 12 बजे शुरू होने वाले इस आधे घंटे के शो को प्रशासन और सरकार ‘सुपरहिट’ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रही है। इस दौरान कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था को रोक दिया जाएगा या फिर उसमें परिवर्तन किया जा रहा है।