सीबीआई की विशेष अदालत में पेश हुए लालू

रांची, 31 जनवरी (वार्ता) : अरबों रुपए के बहुचर्चित चारा घोटाले के तीन मामलों में सजायाफ्ता राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव आज यहां केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत में पेश हुए। सीबीआई के विशेष न्यायाधीश प्रदीप कुमार की अदालत में चारा घोटाला के नियमित मामले 47ए/96 में यादव सशरीर हाजिर हुये। यह मामला डोरंडा कोषागार से 184 करोड रुपये की अवैध निकासी का है। इस मामले में अभियोजन ने दो गवाह चन्द्रभूषण सिंह और राम प्रसिद्ध सिंह को पेश किया और इन दोनों गवाहों ने अपना बयान दर्ज कराया। बाद में बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने दोनो से सवाल पूछे। यादव चारा घोटाला के एक अन्य मामले 38ए/96 में शिवपाल सिंह की अदालत में वीडिया कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश हुये।