शेयर बाज़ार : वैश्विक बिकवाली के असर से हुई तेज़ गिरावट 

मुंबई, 10 फरवरी (एजेंसी): बीते सप्ताह शेयर बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसका प्रमुख कारण वैश्विक बाजारों में हुई तेज बिकवाली रही। अमेरिकी बाजार में बांड यील्ड (बांड में निवेश से होनेवाले मुनाफे) में वृद्धि के कारण दुनिया भर के निवेशक शेयरों से पैसा निकालकर बांड में लगाने में जुट गए हैं, जिससे एशियाई, अमेरिकी और यूरोपीय शेयर बाजारों में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है तथा कच्चे तेल में निवेश घटने से उसके दाम भी तेजी से गिर रहे हैं। इसके अलावा भारतीय बाजारों पर वित्तमंत्री अरुण जेटली द्वारा एक फरवरी को पेश किए गए आम बजट 2018-19 में प्रस्तावित दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ (एलटीसीजी) कर के कारण भी गिरावट आई है। सरकार ने अगले वित्त वर्ष से एक साल से अधिक रखे गए शेयरों पर हुई कमाई पर 10 फीसदी का एलटीसीजी कर लगाया है।  बीते सप्ताह साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स में 1,060.99 अंकों या 3.03 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह 34,005.76 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में 305.65 अंकों या 2.84 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह 10,454.95 पर बंद हुआ।