स.अटारीवाला का जीवन बनेगा स्कूल पाठ्यक्रम का हिस्सा : कैप्टन

अमृतसर, 10 फरवरी : पंजाब सरकार ने स. शाम सिंह अटारीवाला का जीवन और शहीदी पर प्रकाश डालते अध्याय को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की पाठ्य पुस्तकों में शामिल करने का फैसला किया है। इसके अलावा अटारी रेलवे स्टेशन व आई.सी.पी. (इंटीग्रेटिड चैक पोस्ट) का नाम भी स. अटारीवाला के नाम पर रखने के लिए केंद्र सरकार तक पहुंच की गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने उक्त अहम घोषणाएं छेहर्टा बाईपास पर स. शाम सिंह अटारीवाला के 172वें शहीदी दिवस को समर्पित करवाए गए राज्य स्तरीय समागम में शिरकत करने के बाद की। उन्होंने शहीद स. अटारीवाला की प्रतिमा पर फूल-मालाएं भेंट कर उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की। उपरांत वह अटारी स्थित समाध पर रखे गए श्री अखंड पाठ साहिब के भोग में शामिल हुए जहां उनके द्वारा भारतीय सैनिकों द्वारा दिए गए विजयंता टैंक को स्थापित करने का शुभारंभ भी किया गया। उन्होंने शहीद स. अटारीवाला की याद में अजायबघर व खेल मैदान बनाने के लिए 10 लाख रूपए की भी घोषणा की। कैप्टन ने कहा कि जल्द ही यहां मिग जहाज स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्रालय से अपील की गई है कि वह हरेक वर्ष अटारी में पश्चमी कमांड के पूर्व सैनिकों की रैली करवाया करे। हरेक वर्ष अटारी आते लाखों पर्यटकों के मद्देनज़र अटारी गांव को वाई-फाई जोन बनाने के लिए संचार मंत्रालय को पत्र लिखा गया है। इस दौरान उन्होंने खेल विभाग को अटारी स्थित सरोवर में हरेक वर्ष खेल मेला करवाने की हिदायत की। स. शाम सिंह अटारीवाला यादगारी ट्रस्ट द्वारा मांग पर उन्होंने अटारी गांव के तीन नौजवानों को बतौर गाईड अटारी में लगाने के लिए भी नाम पंजाब हैरीटेज व टूरिज्म बोर्ड को भेजने की हिदायत की। मुख्यमंत्री ने शहीद अटारीवाला द्वारा देश व कौम के लिए की गई महान कुर्बानी को याद करते हुए सलामी दी। इस दौरान स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू, मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल, सुखबिंदर सिंह सुखसरकारीया, ओ.पी सोनी, डॉ. राज कुमार वेरका, हरप्रताप सिंह अजनाला, हरमहिंदर सिंह गिल, तरसेम सिंह डी.सी, संतोख सिंह भलाईपुर, सुनील दत्ती, सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला, डॉ. धर्मवीर अग्निहोत्री (सभी विधायक), मेयर करमजीत सिंह रिंटू, डिप्टी कमिश्नर कमलदीप सिंह संघा, पुलिस कमिश्नर एस.एस श्रीवास्तवा, प्रो. दरबारी लाल, जिला कांग्रेस कमेटी के शहरी प्रधान जुगल किशोर शर्मा, ज़िला कांग्रेस कमेटी के देहाती प्रधान भगवंतपाल सिंह सच्चर, पूर्व विधायक जसबीर सिंह डिंपा, पूर्व विधायक हरजिंदर सिंह ठेकेदार, पार्षद सुखदेव सिंह चाहल, गुरदेव ंिसंह झीता सहित अन्य मौजूद थे।