ओशन सेवन चैलेंज पूरा करने वाले पहले भारतीय बने रोहन

नई दिल्ली, 11 फरवरी (वार्ता): भारत के युवा तैराक रोहन मोरे ओशन सेवन चैलेंज पूरा करने वाले भारत और एशिया के पहले तैराक बन गए हैं। पुणे के रहने वाले रोहन से पहले दुनिया में सिर्फ आठ लोगों ने ही इस चुनौती को पूरा किया था और अब वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले नौंवें तैराक बन गए हैं।रोहन छह समुद्रों में पहले ही तैराकी कर चुके थे और अब उन्होंने न्यूजीलैंड के कुक स्ट्रेट में तैराकी की। भारतीय तैराक ने उत्तरी द्वीप से नौ फरवरी को सुबह नौ बजकर 30 मिनट पर तैराकी शुरू की। रोहन ने समुद्र में जब तैराकी की तो पहले पांच घंटे तक समुद्र का पानी शांत रहा और तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। भारतीय युवा तैराक ने लगभग 22 किलोमीटर की दूरी को आठ घंटे 37 मिनट में पूरा कर इतिहास रच दिया। ओशन सेवन चैलेंज एक मैराथन चैलेंज है जिसमें सात समुद्री चैनल्स को तैरकर पार करना होता है। यह सात पर्वतों पर चढ़ने की चुनौती के बराबर माना जाता है। इसमें सभी सात महाद्वीपों के सबसे बड़े पर्वत पर चढ़ना होता है।