कश्मीर में हिमपात जारी



श्रीनगर, 13 फरवरी (भाषा): कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में हिमपात आज भी लगातार जारी है। साथ ही पूरी घाटी और लद्दाख क्षेत्र में न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दु से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कल कश्मीर में मौसम का पहला बड़ा हिमपात हुआ और पांच इंच से लेकर 22 इंच तक बर्फ गिरी। उन्होंने बताया कि घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों और जम्मू में भारी हिमपात हुआ है।
अधिकारी ने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में पिछले 24 घंटों के दौरान 23 सेंटीमीटर बारिश हुई। उन्होंने बताया कि शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर में स्थित काजीकुंड में 19 सेंटीमीटर बर्फ गिरी जबकि कोकेरनाग में 58 सेंटीमीटर बर्फ गिरी। काजीकुंड में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि कोकेरनाग का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि उत्तर कश्मीर में कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस नीचे और 11 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई।
गुलमर्ग में 45 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान शून्य से 10.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लेह शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि नज़दीकी करगिल शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 14 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि कारगिल राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम कार्यालय ने अनुमान व्यक्त किया है कि दिन चढ़ने के साथ मौसम की स्थिति में सुधार होगा।