मानवाधिकार कार्यकर्त्ता असमां जहांगीर को नम आंखों से दी विदाई



लाहौर, 13 फरवरी (भाषा): पाकिस्तान की जानी-मानी मानवाधिकार कार्यकर्ता अस्मां जहांगीर के जनाज़े की नमाज़ यहां गद्दाफी स्टेडियम में अदा की गई जिसमें हज़ारों की संख्या में लोग शामिल हुए और मानव अधिकारों की इस सच्ची पैरोकार को नम आंखों से आखिरी विदाई दी। अस्मां (66) का बीते रविवार की रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी जनाज़े की नमाज़ में कई सामाजिक कार्यकर्ता, वकील, न्यायाधीश, सरकारी अधिकारी, जानीमनी हस्तियां और आम लोग शामिल हुए। जनाज़े की नमाज़ में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं जो पाकिस्तान जैसे रूढ़ीवादी देश के लिए असामान्य बात है।        अस्मां को बैदियां रोड स्थित उनके परिवार के फार्महाउस पर सुपुर्द-ए-खाक किया गया।