डाकघर बीनेवाल में करोड़ों का फर्जीवाड़ा, एजैंट भूमिगत

गढ़शंकर, 17 फरवरी (बस्सी) : बीत क्षेत्र के मुख्य डाकघर बीनेवाल में एक महिला स्माल सेविंग एजैंट द्वारा फर्जीवाड़ा करके करोड़ों रुपए का गोल माल करने का समाचार है। मामला उजागर होने के बाद महिला एजैंट भूमिगत हो गई हैं। डाकघर बीनेवाल में स्माल सेविंगज के एजैंट के तौर पर एक महिला काम करती थी। जिन लोगों ने डाकघर में पैसे डिपाजिट करवाने होते थे, वह एजैंट को नकदी दे देते थे, कुछ दिनों के बाद पास बुक ले जाते। 
कुछ महीने पहले जब कुछ लोग अपने पैसे लेने डाकघर आए तो उन्हें फर्जीवाड़े का पता चला। शोर मचने पर जब अन्य लोगों ने खाते चैक करवाए तो यह फर्जीवाड़ा उजागर हुआ। अब लोग हर रोज एजैंट की दुकान पर आते हैं व वापिस चले जाते हैं। घपला उजागर होते ही वह महिला भूमिगत हो गई है। बहुत सारे लोगों की बड़ी रकमें हैं पर उनकी सुनता कोई नहीं। डाकघर के कर्मचारी लोगों को एजैंट की दुकान पर जाने व उससे बात करने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं। शुक्रवार को करीब एक दर्जन लोगों ने अड्डा झुंगियां में एजैंट की दुकान पर आकर अपनी दास्तां बताई व लोगों ने अपनी अपनी कापियां दिखाई जिनमें गांव बीनेवाल की महिला रली के एक लाख रुपए, राधा राना बीनेवाल के 10 लाख रुपए, संयोगिता रानी कोट के एक लाख 10 हजार रुपए, रविंदर कुमार बीनेवाल के 2 लाख रुपए, कुशल सिंह कोकोवाल के 5 लाख 50 हज़ार रुपए, सीबो देवी पंडोरी के 50 हज़ार रुपए, बलदेव राज कोकोवाल के 2 लाख रुपए, दर्शना देवी गांव पंडोगा (हिमाचल प्रदेश) के 2 लाख रुपए, सुनीता देवी गांव भबानीपुर के 6 लाख 50 हजार रुपए। ऊषा देवी भबानीपुर भगतां के 3 लाख रुपए, ऊर्मिला देवी बीनेवाल के 7 लाख रुपए तथा अन्य बहुत सारे लोग हैं जिनके रुपए उक्तएजैंट ने हड़प कर लिए। 
सर्म्पक करने पर राजेन्दर सिंह ज़िला स्माल सेविंगज अफसर ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। एजैंट के साथ-साथ डाकघर के कर्मचारी भी आरोपी हैं। जो भी आरोपी पाया गया, उसके खिलाफ कार्रवाही की जाएगी।