ऐतराज का सीक्वल बनायेंगे सुभाष घई

मुंबई 21 फरवरी (वार्ता): बॉलीवुड के जाने माने फिल्मकार सुभाष घई सुपरहिट फिल्म ऐतराज का सीक्वल बना सकते हैं। सुभाष घई ने वर्ष 2004 में अक्षय कुमार, प्रियंका चोपड़ा और करीना कपूर को लेकर सुपरहिट फिल्म ऐतराज बनायी थी। कहा जा रहा है कि सुभाष घई ने अपनी फिल्म ऐतराज के सीक्वल के लिए प्रियंका से मुलाकात भी की है। सुभाष घई काफी समय से इस सीक्वल पर काम कर रहे थे और पिछले महीने ही उन्होंने इसकी स्क्रिप्ट फाइनल की है। माना जा रहा है कि इस फिल्म की शूटिंग वह इस साल के अंत तक शुरू कर देंगे। सुभाष घई इस फिल्म की स्टारकास्ट फाइनल करने में लगे हैं। इस फिल्म का नाम नया होगा और इसकी कहानी भी अलग होगी। सुभाष घई ने प्रियंका चोपड़ा से इस स्क्रिप्ट पर डिस्कशन किया है। प्रियंका को इस सीक्वल का आइडिया बहुत पसंद आया और वह भी इसमें काम करने के लिए एक्साइटेड हैं। गौरतलब है कि ‘ऐतराज’ में प्रियंका ने नेगेटिव किरदार अदा किया था, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट परफॉर्मेंस अवॉर्ड भी मिला था।