गोपी और मोनिका फिर बने नई दिल्ली मैराथन चैम्पियन 

नई दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा): गत एशियाई चैंपियन गोपी थोनाकल ने अपना निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए नई दिल्ली मैराथन का अपना पुरुष वर्ग का खिताब बरकरार रखा। गोपी ने दो घंटे 15 मिनट और 16 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता लेकिन भारतीय एथलेटिक्स संघ द्वारा तय राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफाइंग स्तर से चूक गए।नितेंद्र सिंह रावत दो घंटे 24 मिनट और 55 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे जबकि बहादुर सिंह धोनी दो घंटे 24 मिनट और 56 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में सुबह साढ़े चार बजे महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने मैराथन को हरी झंडी दिखाई। इस समय धावकों के लिए 15 डिग्री से कुछ अधिक का आदर्श तापमान था जो स्पर्धा के खत्म होने तक 18 डिग्री के आसपास था। गोपी ने दो घंटे 15 मिनट और 25 सेकेंड के अपने निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में सुधार किया जो उन्होंने 2016 ओलंपिक के दौरान किया था। वह हालांकि गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के लिए एएफआई द्वारा तय दो घंटे 12 मिनट और 50 सेकेंड के क्वालीफाइंग स्तर से काफी दूर रहे। महिला वर्ग में मोनिका अथारे ने दो घंटे 43 मिनट और 46 सेकेंड के साथ अपना खिताब बरकरार रखा। उन्हें पिछले साल की उप विजेता ज्योति गावटे (दो घंटे 50 मिनट और 12 सेकेंड) और मोनिका राउत (दो घंटे 55 मिनट और दो सेकेंड) को पछाड़ा। इस 42 .195 किमी की पूर्ण मैराथन में लगभग 165 एलीट भारतीय धावकों ने हिस्सा लिया।