हिन्दू नेता विपन शर्मा के कत्ल का मामलार् मुख्य आरोपी गैंगस्टर मिंटू गिरफ्तार


जालन्धर, 6 मार्च (हेमंत) : पुलिस के आर्गेनाइज़्ड क्राइम कंट्रोल यूनिट ने अमृतसर के हिन्दू नेता विपिन शर्मा के कत्ल के मुख्य आरोपी को काबू किया है। मामले संबंधी जालन्धर में पत्रकारवार्ता करते हुए ए.आई.जी. हरकमलप्रीत सिंह खख ने बताया कि अमृतसर में गत वर्ष सितम्बर माह में हुए विपिन शर्मा के कत्ल में पुलिस ने जालन्धर-अमृतसर हाईवे पर स्थित विधिपुर रेलवे क्रासिंग के पास मुख्य आरोपी गैंगस्टर सारज सिंह संधू उर्फ मिंटू को सुबह काबू किया। पुलिस अनुसार आरोपी ने विपिन शर्मा के कत्ल के अलावा भी कुल 5 कत्ल किए हैं। इसके अलावा 2 बैंक डकैती, मनी एक्सचेंज कार्यालय भी लूटे। आरोपी को दो हथियारों तथा भारी मात्रा में अन्य असले सहित काबू किया गया है। पुलिस अनुसार आरोपी ने विपिन का कत्ल किसी धार्मिक कारणों से नहीं बल्कि दोस्त शुभम के पिता बलजिन्दर सिंह बरखास्त सिपाही की मौत का बदला लेने की रंजिश को लेकर किया।
गौरतलब है कि उक्त आरोपी मिन्टू की फेसबुक पर भी कत्ल की जिम्मेदारी लेते हुए हत्या की वजह आपसी रंजिश ही पोस्ट की गई थी। आरोपी गैंगस्टर सारज सिंह संधू उर्फ मिन्टू दोदे कलसिआं, थाना भिखीविंड, तरनतारन मौजूदा निवासी गवाल एन्कलेव, सब्जी मंडी, अमृतसर का रहने वाला है। आरोपी ने वर्ष 2015 में जुर्म की दुनिया में कदम रखा था। आरोपी की उम्र महज 26 साल है तथा आरोपी ने कालेज में किसी स्टूडैण्ट यूनिट का प्रधान बनने के उपरान्त आपराधिक गतिविधियां शुरू की। आरोपी मौजूदा समय में अमृतसर जेल में बंद गैंगस्टर बॉबी मल्होत्रा से प्रेरित होकर गैंगस्टर बना। पुलिस अनुसार आरोपी दिल्ली से जालन्धर आया था और विधिपुर रेलवे क्रासिंग पर अमृतसर जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस ने सुबह 6.15 पर आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस को उम्मीद है कि उक्त नामी गैंगस्टर के पुलिस के हत्थे चढ़ने से कई बड़े मामले हल होंगे।
मुख्यमंत्री ने दी गैंगस्टर सारज की गिरफ्तारी पर बधाई : प्रदेश के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने भी ट्वीट कर पंजाब पुलिस के हाथ लगी इस बड़ी सफलता को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों को बधाई दी है।