‘महिलाएं अपने हकों एवं दायित्वों के प्रति सचेत हों’

जालन्धर, 7 मार्च (हरविन्द्र सिंह फुल्ल) : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मौके ‘अजीत’ भवन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में बहुमूल्य योगदान डालने वाली महिलाएं डा. बलजीत कौर (प्रो. जी.एन.डी.यू.), दीपिका सिंह ए.सी.पी. जालन्धर, डा. नवजोत कौर प्रिंसीपल लायलपुर खालसा कालेज जालन्धर ने विशेष बातचीत दौरान कहा कि पुरुष प्रधान समाज में महिला को स्वै-रक्षा के लिए स्वयं को सचेत होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि महिला का पुरुष के साथ कोई मुकाबला नहीं वह बराबरी चाहती है क्योंकि दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि महिला को पारिवारिक जिम्मेदारियों को अपने ऊपर हावी नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि महिला एवं पुरुष दोनों ही बाहर काम करते हैं तो घरेलू जिम्मेदारियां भी संयुक्त तौर पर निभानी चाहिए। डा. बलजीत कौर ने कहा कि लड़की-लड़का में भेदभाव मां ने ही दूर करना होता है। उन्होंने कहा कि महिला पुरुष के अधीन है, इस सोच को बदलना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आज की महिला किसी बात से भी कम नहीं है, खेलों को लेकर अन्तरिक्ष तक अपनी काबलियत के झंडे गाड़ चुकी है। डा. नवजोत कौर ने कहा कि महिलाओं को पता ही नहीं कि उनके अंदर कितनी ताकत है। वह अपनी ताकत को पहचानें। उन्होंने कहा कि आज की लड़कियों के हाथों में सुई धागा नहीं अपितु कलम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज अनेकों महिलाएं अपने पैरों पर खड़े होकर अपने परिवारों का पेट पाल रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं प्रति समाज को भी अपना नज़रिया बदलना पड़ेगा। दीपिका सिंह ने कहा कि विश्वास घर से उत्पन्न होता है जिसमें मां-बाप का सहयोग बहुत ज़रूरी है। आज लड़कियों में जागरूकता बढ़ रही है तथा वह समाज के विभिन्न क्षेत्रों में जिम्मेदारी निभा रही हैं। उन्होंने लड़कियों को सुचेत करते कहा कि यदि उनको किसी किस्म की कोई समस्या पेश आती है तो उनको तुरन्त 1091 हैल्प लाइन पर फोन करके अपनी समस्या बतानी चाहिए।