स्वस्थ रहने के सरल उपाय


स्वस्थ रहना सब चाहते हैं। कुछ पाने के लिए कुछ खोना पड़ता है, यह कहावत सत्य है। अच्छा स्वास्थ्य संभाल कर रखने के लिए हमें कुछ और बुरी आदतों का त्याग करना पड़ता है, तभी हम उसे संभाल सकते हैं। आइये देखें क्या अपनाएं स्वस्थ रहने हेतु :—
* प्रात: जल्दी उठें। यदि हो सके तो सूर्योदय से पूर्व उठने का प्रयास करें। प्रात: उठने से भरपूर प्राण शक्ति मिलती है। दिन भर आलस्य से दूर रहते हैं और फेफड़े स्वस्थ रहते हैं।
* प्राय: उठते ही पात्र में रखा हुआ जल पीयें। यदि सम्भव न हो तो ताज़ा जल भी पी सकते हैं। प्रात: पानी के सेवन से शौच आसानी से आता है।
* नियमित योगाभ्यास से मन के विचार शुद्ध और सात्विक होते हैं। शरीर लचीला, हड्डियां मजबूत और रक्त संचार सुचारू होता है। प्राणायाम मन को शांत करने में और फेफड़ों को पुष्ट रखने में सहायक होता है।
* भूख से अधिक खाना, बिना भूख के खाना, असमय खाना, अधिक मसालेदार खाना, तला खाना रोगों को निमंत्रण देता है। इस प्रकार के भोजन से सावधान रहना अच्छा है।
* एलोपैथिक दवाओं का सेवन अपने मन से न करें। ये शरीर के अन्य अंगों पर दुष्प्रभाव डालती हैं और शरीर की प्रतिरोधक शक्ति नष्ट करती हैं। इनका सेवन आवश्यक होने पर डाक्टरी परामर्श से ही करें।
* विचार सकारात्मक रखें। क्रोध, घृणा, द्वेष, चुगली व नकारात्मक विचार शरीर में विषाक्त पैदा करते हैं। इनसे बच कर रहना हितकर है।
* प्रौढ़ावस्था में अन्न, दालों का सेवन कम कर फल, सब्ज़ी, सलाद अधिक लें।
* रात को देर से देर 10.00 बजे तक बिस्तर पर चले जायें। लेट सोना और खाना अच्छे स्वास्थ्य का दुश्मन है। और कई रोगों को जन्म देता है। (स्वास्थ्य दर्पण)
—सुदर्शन चौधरी