छत्तीसगढ़ : नक्सली हमले में सी.आर.पी.एफ. के 9 जवान शहीद



रायपुर, 13 मार्च (भाषा) : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा ज़िले में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर एंटी लैंडमाइन व्हीकल को उड़ा दिया है। इस घटना में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के 9 जवान शहीद हो गए तथा दो जवान घायल हो गए। सीआरपीएफ के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि किस्टाराम थाना क्षेत्र के पलोड़ी शिविर में सुकमा के पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा का दौरा था। इसे देखते हुए किस्टाराम से पलोड़ी के लिए दो एंटी लैंडमाइन व्हीकल में सीआरपीएफ के 212वीं बटालियन के जवानों को रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि वाहन जब किस्टाराम और पलोड़ी गांव के मध्य जंगल में था, तब नक्सलियों ने शक्तिशाली विस्फोट में वाहन को उड़ा दिया। इससे वाहन में सवार 9 जवान शहीद हो गए तथा दो अन्य घायल हो गए। विस्फोट के बाद नक्सलियों ने गोलीबारी भी की थी। अधिकारियों ने बताया कि घटना के दौरान एक अन्य वाहन भी कुछ दूरी पर था।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल को रवाना किया गया तथा शवों और घायल जवानों को जंगल से बाहर निकाला गया। घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शहीदों में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सहायक उप निरीक्षक आर के एस तोमर, और प्रधान आरक्षक लक्ष्मण, मनोज सिंह तथा धर्मेंद्र सिंह शामिल हैं। इसके अलावा आरक्षक अजय यादव, मनोरंजन लकड़ा, जितेंद्र सिंह और शोभित शर्मा तथा वाहन चालक चंद्र एच एस शहीद हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी और हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।