मोदी ने देश का भरोसा तोड़ा : राहुल

नई दिल्ली, 18 मार्च (वार्ता/उपमा डागा पारथ) : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी तथा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर सत्ता की लड़ाई लड़ने का आज आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार साल में देश के करोड़ों युवाओं व किसानों का भरोसा तोड़ा है। राहुल गांधी ने कांग्रेस के 84वें महाअधिवेशन के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा और संघ कुर्सी की लड़ाई लड़ते हैं जबकि कांग्रेस की लड़ाई सच्चाई के लिए होती है। भाजपा और संघ कौरवों की तरह हैं। भाजपा संख्या बल के मद में है लेकिन कांग्रेस सच्चाई के रास्ते पर खड़ी है और पांडवों की तरह उसमें भी आक्रामकता नहीं है। काग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चार साल पहले देश के करोड़ों युवाओं ने इस उम्मीद के साथ प्रधानमंत्री मोदी को प्रधानमंत्री बनाया था कि वह उन्हें रोज़गार देंगे और अपने वादे को निभाएंगे लेकिन उन्होंने देश की इस बड़ी आबादी का सपना और भरोसा तोड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक संगठन की आवाज़ बनकर काम करती है जबकि कांग्रेस राष्ट्र की आवाज़ है। कांग्रेस के नेता आज़ादी के दिनों जेल में रहे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी 15 साल तक जेल की फर्श पर रहे जबकि आरएसएस विचारधारा के नेता अंग्रेजों से भीख मांगते रहे हैं। कांग्रेस आज भी अपने नेताओं के आदर्श पर चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सच्चाई के रास्ते पर चल रही है जबकि भाजपा अवसरवादिता की लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस का स्तर अन्य दलों की तुलना में एकदम अलग है। भाजपा की तरह कांग्रेस किसी हत्यारे को पार्टी का अध्यक्ष नहीं बना सकती है। उन्होंने कहा कि चार साल पहले प्रधानमंत्री मोदी ने देश की जनता से जो वादे किए थे उनके अनुसार जन आकांक्षाएं पूरी करने की बजाय बैंक घोटाला करने वाले नीरव मोदी जैसे लोग उनके सबसे नज़दीक पहुंच गए। देश को सबसे तेज़ी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था के रूप में प्रचारित करने के मोदी सरकार के दावों पर उन्होंने कहा कि एक तरफ कहा जा रहा है कि भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और दूसरी तरफ जब गांव कस्बों में युवाओं से पूछा जाता है कि क्या कर रहे हैं तो जवाब मिलता है, कुछ नहीं कर रहा हूं। भारतीय बाज़ार पर चीन के सामान का कब्ज़ा है। चीन को लेकर उन्होंने तंज किया और कहा कि चीन डोकलाम से लेकर बंगलादेश, श्रीलंका तक हर जगह भारत के सामने खड़ा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को ही नहीं छला है बल्कि किसानों के साथ भी न्याय नहीं किया है। किसानों के लिए सरकार कुछ नहीं कर रही है। बेरोज़गार और खेतीबाड़ी देश की दो बड़ी समस्याएं हैं और मोदी सरकार इन दोनों मोर्चों पर असफल साबित हुई है। राहुल गांधी ने अपने पूरे भाषण में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने ज़मीनी कार्यकर्ताओं को टिकट देने का प्रयोग गुजरात विधानसभा चुनाव में किया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीप्लेन में बैठना पड़ गया था और अब कार्यकर्ताओं को साथ लेकर उन्हें पनडुब्बी में बैठा देंगे। पार्टी महाधिवेशन में पहली बार मंच को खाली रखे जाने का राज खोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी सभा में मंच इतना खाली नहीं रखा जाता है लेकिन उन्होंने इसे युवाओं के लिए खाली रखा है। 
इस पर उन प्रतिभावान युवाओं को बैठाया जाएगा जिनके दिल में हिंदुस्तान के लिए आग जलती है। कभी कांग्रेस में महात्मा गांधी, सरदार बल्लभ भाई पटेल, जवाहर लाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद और जगजीवन राम जैसे नेता थे और ऐसे कई नेताओं की लंबी सूची है। इस समय भी कांग्रेस के अंदर और बाहर ऐसे करोड़ों प्रतिभावान युवा हैं और वह उन्हें साथ लेकर चलना चाहते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि दूसरी दीवार युवकों और देश की राजनीतिक प्रणाली के बीच है। वह इस दीवार को भी तोड़ेंगे।
मोदी सरकार की विदेश नीति व्यक्ति केन्दित और दिशाहीन : कांग्रेस : कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘व्यक्ति केन्द्रित विदेश नीति’ पर अमल करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि वर्तमान सरकार बड़े देशों के साथ भारत के संबंधों को नहीं संभाल पाई है और विदेश नीति दिशाहीन हो चुकी है। उसने यह भी आरोप लगाया कि सरकार पाकिस्तान, चीन, मालदीव, नेपाल, म्यामा व  श्रीलंका और दूसरी चुनौतियों से निपटने में नाकाम रही है। पार्टी के 84वें महाधिवेशन में विदेश नीति पर पेश प्रस्ताव में पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और नरसिंह राव के समय की विदेश नीति की तारीफ करने के साथ मोदी सरकार की विदेश नीति पर जमकर निशाना साधा गया।
राहुल-प्रियंका बचा लो हिंदुस्तान के लगे नारे : महाधिवेशन के आज आखिरी दिन देश भर से जमा हुए पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी के समर्थन में भी जमकर नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने ‘राहुल गांधी ज़िन्दाबाद, प्रियंका गांधी ज़िन्दाबाद’ और  ‘राहुल-प्रियंका बचा लो हिंदुस्तान हमारा’ के नारे लगाए। नई कार्यसमिति के गठन के लिए राहुल अधिकृत : कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारक इकाई कार्यसमिति के सभी सदस्यों को मनोनीत करने का अधिकार आज पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को मिल गया। कांग्रेस के तीन दिवसीय 84वें महाधिवेशन में पार्टी प्रतिनिधियों ने राहुल गांधी को कार्यसमिति के सभी सदस्यों को मनोनीत करने के लिए अधिकृत किया। समिति के सदस्यों के मनोनयन संबंधी प्रस्ताव को पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आज़ाद ने पेश किया और सभी ने एक स्वर में इसका समर्थन किया।