बीएसएफ के एवरेस्ट अभियान का नेतृत्व करेंगे लवराज

नई दिल्ली, 20 मार्च (वार्ता) : रिकार्ड 6 बार दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माऊंट एवरेस्ट को फतह कर चुके सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) के सहायक कमांडेंट लवराज सिंह धर्मशक्तू 23 मार्च से 20 जून तक होने वाले बीएसएफ के एवरेस्ट अभियान का नेतृत्व करेंगे। केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने मंगलवार को यहां बी.एस.एफ. के इस अभियान को हरी झंडी दिखाई। 90 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में बी.एस.एफ. की 25 सदस्यीय टीम हिस्सा ले रही है जिसकी कमान पद्मश्री लवराज को सौंपी गई है। लवराज का एवरेस्ट पर यह 10वां अभियान होगा जिसमें से वह 6 बार 1998, 2006, 2009, 2012, 2013 और 2017 में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी को फतह कर चुके हैं। राठौर ने बी.एस.एफ. के महानिदेशक के.के. शर्मा की मौजूदगी में अभियान दल को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह बड़ा और हिम्मत का काम है। एवरेस्ट पर चढ़ना ही बड़ी चुनौती है। आप आगे बढ़ते रहिये। चुनौती स्वीकार करते रहिये और पूरे देश के लिए एक उदाहरण बनिए। बीएसएफ महानिदेशक शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि इस अभियान का सबसे बड़ा लक्ष्य एवरेस्ट पर सफाई अभियान छेड़ना है।
स्वच्छ भारत अभियान के तहत हमारा यह दल एवरेस्ट से करीब 1000 किलो कूड़ा नीचे बेस कैंप उतारेगा, जिसका फिर काठमांडू ले जाकर सुरक्षित तरीके से निपटान किया जाएगा।