खालिदा ज़िया ने मुकद्दमे लड़ने के लिए ब्रिटिश वकील किया नियुक्त

ढाका, 21  मार्च ( भाषा) : भ्रष्टाचार एवं आपराधिक मामलों का सामना कर रहीं जेल में बंद बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया ने अपनी पैरवी के लिए एक प्रमुख ब्रिटिश वकील की सेवाएं ली हैं। ढाका की एक अदालत ने गत 8 फरवरी को 72  साल की जिया को एक अनाथालय से विदेशी धनराशि के गबन का दोषी पाए जाने के बाद पांच साल की जेल की सज़ा सुनाई थी। मामला 2001-2007  के बीच का है जब वह प्रधानमंत्री थीं। पिछले महीने जिया को भ्रष्टाचार के मामले में ज़मानत मिल गई लेकिन आगजनी की घटनाओं को कथित रूप से भड़काने के लिए उन्हें दोबारा गिरफ्तार कर लिया और साथ ही मामले में उनके खिलाफ नया वारंट जारी किया गया। जिया भ्रष्टाचार,  हिंसा एवं देशद्रोह के एक दर्जन से ज्यादा मामलों का सामना कर रही हैं।