किसानों के मुद्दों पर आज से शुरू अन्ना हजारे का आंदोलन

नई दिल्ली, 23 मार्च - समाजसेवी अन्ना हजारे एक बार फिर केंद्र सरकार के खिलाफ रामलीला मैदान से आंदोलन छेड़ने जा रहे हैं। वह किसानों की सुनिश्चित आय, पेंशन, खेती के विकास के लिए ठोस नीतियों समेत कई मांगों को लेकर आज धरने पर बैठ रहे हैं। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने अन्ना को रामलीला मैदान में शुक्रवार से विरोध प्रदर्शन की अनुमति दे दी। हजारे और उनके समर्थक महाराष्ट्र सदन से सबसे पहले राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। वह शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए शहीदी पार्क भी जाएंगे और फिर रामलीला मैदान के लिए रवाना होंगे, जहां 2011 में उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन और अनशन किया था।