स्वस्थ सुंदर दांत मांगते हैं उचित देखभाल


दांत शरीर का ऐसा अंग है, जिसकी लापरवाही से कई रोग पैदा हो जाते हैं, क्योंकि हम भोजन इन्हीं दांतों से चबाते हैं। अच्छे स्वास्थ्य के लिए दांतों का मज़बूत और सेहतमंद होना निहायत ज़रूरी है। स्वस्थ सुंदर दांत हमारी हंसी और चेहरे पर चार चांद लगा देते हैं।
दांतों की बीमारी का मुख्य कारण दांतों पर एकत्रित भोजन की सतह है। यही अन्य बीमारियों की जन्मदाता है। विशेषकर बच्चों में यह बीमारी अधिक मिठाइयां, टाफियां, चॉकलेट और बिस्कुट खाने से होती है। दांतों की मुख्य बीमारियों में है पायरिया, दन्तक्षय, टारटर आदि।
कुछ विशेष सावधानियां बरतने से आप भी रख सकते हैं साफ, सुन्दर और स्वस्थ दांत।
* खुरदरे दंत मंजनों और सख्त ब्रश का इस्तेमाल कभी न करें।
* दांतों में पिन, आलपिन या सुई से छेड़छाड़ न करें।
* ब्रश सदैव हलके हाथों से नार्मल ब्रिस्टल वाला करें। अपने दांत सुबह-रात दो बार ब्रश की सहायता से साफ करें।
* अधिक खट्टा-मीठा, ठंडा गर्म न खायें और पिएं।
* धूम्रपान, सुपारी, तम्बाकू, शराब का सेवन न करें। भोजन चबा-चबा कर खायें। लगातार नर्म भोजन के साथ-साथ दांतों के व्यायाम हेतु गन्ना, गाजर और सेब बिना काटे दांतों से काटकर खायें।
* दो माह पश्चात् अपना टूथब्रश ज़रूर बदलें। अधिक देर तक पेस्ट, दंत मंजन या टूथ पाउडर मुंह में न रखें।
* दांतों में किसी भी तरह की तकलीफ होने पर डेंटिस्ट के पास जाने से न कतराएं।
* दांतों में केविटी होने पर उन्हें शीघ्र भरवायें नहीं तो अन्य दांतों में फैलने का खतरा बना रहेगा।
* नियमित समय के अन्तराल के बाद कुशल दंत चिकित्सक से दांतों की सफाई कराएं। दांत भी योग्य चिकित्सक से ही निकलवाएं।
* प्रोटीनयुक्त भोजन का सेवन करें।
* दांतों की सड़न मुंह की कई बीमारियों को जन्म देती है। इसे बढ़ने से रोकें। (स्वास्थ्य दर्पण)
—नीतू गुप्ता