पाक गोलीबारी में एक जवान शहीद, चार  सैनिक घायल

जम्मू, 3 अप्रैल (भाषा, मनजीत सिंह) : पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ ज़िले में नियंत्रण रेखा के निकट अग्रिम चौकियों को आज निशाना बनाया एवं मोर्टार दागे जिसमें थलसेना का एक जवान शहीद हो गया जबकि एक लेफ्टिनेंट सहित चार अन्य सैनिक घायल हो गए।  सेना के एक अधिकारी ने बताया कि आज सुबह कृष्णा घाटी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने सीमा पार से गोलाबारी शुरू कर दी और यह दो घंटे से अधिक समय तक जारी रही जिसमें एक अधिकारी सहित पांच सैनिक घायल हो गए। बाद में एक घायल सैनिक ने सैन्य अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृत जवान की पहचान (20) सिपाही मुस्तापुरे शुभम सूर्यकांत के रूप में हुई जो महाराष्ट्र के परभनी ज़िले के कोनेरवाडी गांव के रहने वाले हैं। उनके परिवार में उनकी मां सुनीता हैं। रक्षा प्रवक्ता कर्नल एन. एन. जोशी ने कहा कि राष्ट्र उनके त्याग और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए उनका हमेशा ऋणी रहेगा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों में एक लेफ्टिनेंट और दो जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) शामिल हैं और उन्हें विशेष इलाज के लिए उधमपुर ज़िले के कमांड अस्पताल ले जाया गया है। कर्नल जोशी ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने सुबह 7 बजे से छोटे, स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी की और मोर्टार दागे। उन्होंने बताया, ‘‘भारतीय सेना ने इसका मज़बूती, प्रभावी और उचित तरीके से जवाब दिया।’’ यह लगातार तीसरा दिन है जब पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और पुंछ एवं राजौरी दोनों जिलों में अग्रिम चौकियों एवं गांवों को निशाना बनाया। हालांकि, गोलीबारी के कारण नियंत्रण रेखा पार व्यापार पर किसी तरह का प्रभाव नहीं पड़ा। यह व्यापार पुंछ ज़िले के चाकन दा बाग और बारामूला ज़िले में उड़ी सैक्टर के सलामाबाद में एक सप्ताह में चार दिन मंगलवार से शुक्रवार के बीच होता है। अधिकारी ने बताया कि सीमा पर दोनों तरफ से दर्जनों ट्रकों की आवाजाही हुई है।