‘मायावी मलिंग’ का प्रोमो लॉन्च  

भारतीय दर्शक हिंदी जी.ई.सी. में सबसे बड़े वीएफएक्स कार्यक्रम के साक्षी बनने के लिए तैयार हैं। नई पेशकश ‘मायावी मलिंग’ ेदर्शकों को एक अद्भुत कल्पना की दुनिया में ले जाएगा। यह शो  एक अद्भुत राज्य और उसकी तीन ख़ूबसूरत राजकुमारियों की रहस्यमयी दास्तान को बयाँ करता है। तीन राजकुमारियों - प्रणाली, ऐश्वर्या और गरिमा अपने राज्य को बुरी शक्तियों से बचाने के संघर्ष के माध्यम से शो यह दर्शाता है, कि हम सभी में नायक के रूप में उभरने की क्षमता है। स्टार भारत की ब्रांड फिलॉसफी ‘भुला दे डर, कुछ अलग कर’ के अनुरूप मायावी मलिंग एक ऐसा अनूठा प्रयास है, जो बताता है कि धैर्य, साहस और दृढ़ संकल्प बुराई के खिलाफ लड़ने के लिए सबसे बड़े हथियार हैं।  शो में नेहा सोलंकी, वाणी सूद और ग्रेसी गोस्वामी क्रमश: तीन राजकुमारियों - प्रणाली, ऐश्वर्या और गरिमा के रूप में दिखाई देंगी।  इनके अलावा अभिनेता हर्षद अरोड़ा और शक्ति आनंद भी अहम भूमिकाओं में होंगे। मायावी मलिंग के अभूतपूर्व विज़ुअल इफेक्ट्स दर्शकों को सम्मोहित कर देंगे। इसके लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जानी-मानी दिग्गज वीएफएक्स कंपनी - प्राणा स्टूडियोज़ ने शो के निर्माता विवेक बहल और पेनिंसुला पिक्चर्स के साथ हाथ मिलाया है।