खुश हूं, 12 साल का सूखा खत्म कर पाया : संजीव 

नई दिल्ली,18 अप्रैल, (एजैंसी) :आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में खेले गए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में अपना 12 साल का स्वर्ण का सूखा खत्म कर भारत के निशानेबाज संजीव राजपूत बेहद खुश हैं। उनका मानना है कि उन्हें उनके इंतजार का फल मिला है। संजीव ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल-3 पोजीशंस स्पर्धा में गेम रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। संजीव ने 454.5 का स्कोर करते हुए गेम रिकार्ड के साथ स्वर्ण पर कब्जा जमाया। भारत लौटने के बाद संजीव ने आईएएनएस से विशेष बातचीत में कहा, ‘‘बहुत अच्छा लग रहा है क्योंकि 12 साल हो गए मैं इंतजार पर इंतजार कर रहा था। क्या होता है कि आप प्वांइट के अंतर से चूक जाते हो। स्वर्ण, रजत और कांस्य के बीच में अंतर सिर्फ दिशमलव अंकों का रहता है। उसको अंतत: खत्म करके मैंने स्वर्ण जीता। इस बात की खुशी है।’’ संजीव ने क्वालीफिकेशन में 1180 के गेम रिकार्ड के साथ पहला स्थान हासिल करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। संजीव ने फाइनल में 150.5 के स्कोर के साथ शुरूआत की। इसके बाद वह प्रोन राउंड में 306.9 के स्कोर के साथ दूसरे नंबर पर रहे। भारतीय निशानेबाज ने फिर लगातार अंक बटोरकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इन 12 सालों में संजीव ने काफी आलोचना भी झेली, लेकिन वह इसे जिंदगी का हिस्सा मानते हुए आगे बढ़ते चले गए।बकौल संजीव, ‘‘यह जिंदगी का हिस्सा है, यह चलता रहता है। कोई भी इससे अछूता नहीं रह सकता।’’ इस बदलाव पर 37 साल के संजीव कहते हैं, ‘‘समय के साथ बदलना सफलता की कुंजी है। आप बदल रहे हो तभी आप आगे रह पाओगे। यह अच्छा है कि हम बदले हैं और सुधार करते हुए इस मुकाम पर पहुंचे हैं कि ज्यादा से ज्यादा पदक जीत रहे हैं।’’