पंजाब के कलानौर में नाबालिगा का कत्ल

बटाला, 18 अप्रैल (काहलों, वनीत गोयल) : ज़िला गुरदासपुर के ब्लाक कलानौर के अंतर्गत गांव मानेपुर में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की का बेरहमी से कत्ल करने का मामला सामने आया है, जिस कारण इलाके में शोक की लहर पाई जा रही है। मृतक लड़की के कपड़े फटे और लाश गांव के पुराने पंचायत घर में खून से लथपथ मिली। इस पर लड़की के साथ दुष्कर्म होने का संदेह भी प्रकट किया जा रहा है। कलानौर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव कब्ज़े में ले लिया। एस.एस.पी. गुरदासपुर हरचरण सिंह भुल्लर, डी.एस.पी. गुरबंस सिंह बैंस, सी.आई.ए. इंस्पैक्टर बलदेव राज, कलानौर थाना के इंचार्ज इंस्पैक्टर निर्मल सिंह, सब इंस्पैक्टर मलविंदर कौर द्वारा घटना का जायज़ा लिया गया और अलग-अलग पहलुओं पर जांच की जा रही है। इस अवसर पर सहकारिता सैल पंजाब कांग्रेस के ज़िला प्रधान डा. गुरमीत सिंह मानेपुर ने बताया कि उन्हें आज सुबह सूचना मिली थी कि पुराने पंचायत घर में किसी की लाश पड़ी हुई है। जब उन्होंने गणमान्य लोगों को साथ लेकर मौका देखा तो गांव की ही एक लड़की, जिसके कपड़े फटे और खून से सने हुए थे। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
 उन्हांने पुलिस विभाग से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सज़ा देने की मांग की। लड़की के दादा ने बताया कि लड़की का पिता मेहनत मजदूरी करने के लिए कंबाइन पर गेहूं की कटाई करने के लिए बाहर गया हुआ था और लड़की की मां भी काफी समय पहले घर से चली गई थी। लड़की ही उनके घर का कामकाज देखती थी और रोटी पकाती थी। उन्होंने कहा कि उसकी पोती गत सायं करीब 3.39 बजे घर से बाहर गई और वापिस नहीं आई। जब उन्होंने तलाश की लेकिन नहीं मिली और आज पता चला कि उनकी पोती की हत्या हो गई है। उसका शव गांव के पुराने पंचायत घर में पड़ा है। एस.एस.पी. भुल्लर ने घटनास्थल का जायज़ा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते कहा कि पुलिस अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही है। डॉग स्कवायड की मदद के साथ फिंगर प्रिंट भी लिए गए। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं जबकि पुलिस ने दुष्कर्म सहित हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।