मैंने वापसी नहीं की, यह सत्त प्रदर्शन है : तेजस्विनी  

मुंबई, 20 अप्रैल (भाषा): राष्ट्रमंडल खेलों में तेजस्विनी सावंत के स्वर्ण पदक को कइयों ने भले ही वापसी कहा हो लेकिन कुछ समय का ब्रेक लेने के बाद लौटी इस निशानेबाज का मानना है कि यह उनके सतत सफर का एक हिस्सा है। कोल्हापूर की इस निशानेबाज ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में स्वर्ण और 50 मीटर राइफल प्रोन में रजत पदक जीता। तेजस्विनी ने कहा,‘‘जो मुझे जानते नहीं है, वे इसे वापसी मान रहे हैं लेकिन मेरा मानना है कि मेरा सफर लगातार चल रहा है। मैने दो महीने का ब्रेक लिया था। राष्ट्रमंडल खेल 2014 के बाद पारिवारिक कारणों से यह ब्रेक लिया था। इसकी वजह से प्रदर्शन खराब हुआ और मेरा चयन नहीं हो सका।’’ उसने कहा,‘‘ 2015 के बाद से मैं भारतीय टीम में नंबर वन पर हूं और प्रदर्शन भी अच्छा है । मैंने लंबा ब्रेक लेकर वापसी नहीं की है। मेरा सफर चल रहा है जिसके बीच में यह प्रदर्शन हुआ है।’’ तेजस्विनी ने कहा कि राष्ट्रमंडल और एशियाई खेल तोक्यो ओलंपिक 2020 की तैयारी के लिए अहम है। उसने कहा,‘‘मेरा निशानेबाजी का सफर चल रहा है और जब तक मेरी रूचि है, जारी रहेगा। इसका अहम हिस्सा 2020 ओलंपिक है। इसके लिये ये छोटे कदम है और एशियाई खेल इसमें से एक है। राष्ट्रमंडल खेल एक कदम था और यह अच्छा रहा।’’  उसने कहा,‘‘ मैने और कोच कुहेली गांगुली ने जैसा सोचा था, प्रदर्शन वैसा ही रहा और अब दूसरा कदम एशियाई खेल है।’’ तेजस्विनी ने अपना पदक औरंगाबाद में शहीद हुए भारतीय सेना के जवानों को समर्पित किया।