पंजाब के पानी व चंडीगढ़ पर केवल पंजाब का अधिकार

चंडीगढ़, 20 अप्रैल (एन.एस. परवाना, विक्रमजीत सिंह मान) : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के नए अध्यक्ष श्वेत मलिक सदस्य राज्यसभा ने ठोक बजाकर कहा है कि पंजाब के पानियों तथा चंडीगढ़ पर केवल पंजाब का ही अधिकार है परन्तु लोकतंत्र में किसी को भी कानूनी दायरे में रहकर अपनी बात कहने का अधिकार है। वह आज यहां प्रैस क्लब में ‘मीट दी प्रैस’ प्रोग्राम में हिस्सा लेते समय हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के इस दावे बारे पूछे गए सवाल का उत्तर दे रहे थे कि हिमाचल पानियों तथा राजधानी चंडीगढ़ पर अपने हिस्से की मांग करेगा। श्री मलिक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने उक्त दोनों मामलों बारे पंजाब के हक में जो भी स्टैंड लिया, भाजपा उसका पूरा पूरा समर्थन करेगी। श्री मलिक ने कहा कि वह भाजपा पंजाब इकाई के नए पदाधिकारियों तथा कार्यकारिणी की जल्द ही घोषणा करेंगे। मुझे इस समय पार्टी के सारे पूर्व अध्यक्षों तथा पदाधिकारियों द्वारा पूरा पूरा समर्थन मिल रहा है। परन्तु संभव है कि कुछ पदाधिकारी बदल भी दिए जाएं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पंजाब में अकाली-भाजपा गठबन्धन कायम रहेगा तथा दोनों पार्टियां लोकसभा का अगला चुनाव मिलकर लड़ेंगी। श्री मलिक ने इस बात पर चिंता प्रकट की कि देश के कई राज्यों में 12 वर्ष से कम उम्र की लड़कियों के साथ दुष्कर्म करने की बढ़ रही घटनाएं शर्मनाक हैं, के दोषियों को फांसी या उम्रकैद की सज़ा मिलनी ही चाहिए। मेरी निजी राय है कि इस बारे कानून में संशोधन करना चाहिए। उन्होंने पंजाब में मौजूदा कांग्रेस सरकार की अब तक की कारगुजारी की चीरफाड़ करते हुए दावा किया कि वज़ारत में वृद्धि हो लेने दें बाद में देखना क्या होता है ? पंजाब में तो कांग्रेस बारूद के ढेर पर खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि ‘लोकसभा के आने वाले चुनावों में कांग्रेस’ का सफाया हो जाएगा, यदि मुकाबला नरेन्द्र मोदी तथा राहुल गांधी की अध्यक्षता में भाजपा तथा कांग्रेस में हो गया तो राहुल गांधी टिक नहीं सकेंगे, कहीं श्री मोदी तथा कहीं राहुल गांधी। श्री मलिक ने मोदी सरकार की 4 वर्ष की कारगुजारी की प्रशंसा के पुल बांधते दावा किया कि जितनी सेवा इस सरकार ने दलित भाईचारे तथा किसानों की की है उतनी कांग्रेस सरकारें अपने दौर में नहीं कर सकीं। उन्होंने कैप्टन सरकार के दौर में पंजाब में आज बिजली की दरों में की गई वृद्धि की आलोचना करते हुए मांग की कि यह वृद्धि वापस ली जाए। 15 महीनों के दौर में पंजाब की कांग्रेस सरकार से तो लोक त्राहि-त्राहि कर उठे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब भर में ‘पंजाब बचाओ कांग्रेस भगाओ’ मुहिम तहत लोगों को कांग्रेस सरकार की नाकामियों बारे परिचित करवा रही है।जाखड़ को भाजपा में आने का निमंत्रण : पंजाब भाजपा अध्यक्ष श्वेत मलिक ने कहा कि कांग्रेस की सरकार अफसरशाही चला रही है तथा कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ को मिलने के लिए भी कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के पास समय नहीं, जिसके चलते गत दिवस बात सामने आ गई थी। उन्होंने व्यंग्य करते कहा कि अच्छा होगा कि जाखड़ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में ही आ जाएं, क्योंकि पार्टी अध्यक्ष सहित कांग्रेस के वर्कर, पदाधिकारी तथा विधायक भी पार्टी से ज्यादा खुश नहीं। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में वद्धि के बाद प्रताप सिंह बाजवा की तरह बड़ी संख्या में पार्टी नेता सरकार के विरोध में खड़े हो जाएंगे।