92 वर्ष की हुईं महारानी एलिजाबेथ द्वितीय, सितारों से सजे कंसर्ट में होंगी शामिल 

लंदन, 21 अप्रैल (भाषा): महारानी एलिजाबेथ द्वितीय लंदन में एक शानदार कंसर्ट के साथ अपना 92वां जन्मदिन मना रही हैं। रॉयल अल्बर्ट हॉल में प्रस्तुति देने वाले गायकों में स्टिंग, टोम जोन्स, क्रेग डेविड और काइली मिनोग हैं। शनिवार शाम के आयोजन में प्रिंस हैरी ‘क्वीन्स कॉमनवेल्थ ट्रस्ट’ के अध्यक्ष बतौर अपनी नई भूमिका में बोल सकते हैं। इस मौके पर मध्य लंदन में आज दोपहर विशेष तोपों की सलामी भी दी जा रही है। महारानी हर साल दो जन्मदिन मनाती हैं। उनका वास्तविक जन्मदिन 21 अप्रैल को पड़ता है जिसे वह आमतौर पर अपने परिवार के साथ निजी रूप से मनाती हैं। वह आधिकारिक जन्मदिन गर्मियों में मनाती हैं जो आमतौर पर जून के दूसरे शनिवार को मनाया जाता है।