किसान ने रेलगाड़ी के नीचे आकर की आत्महत्या 

बीजा, 22 अप्रैल - ( रणधीर सिंह धीरा) सब -डिविज़न पायल के अधीन आते गांव बरमालीपुर के एक किसान द्वारा रेलगाड़ी के नीचे आकर आत्महत्या करने का समाचार मिला है। जानकारी के अनुसार करीब 60 वर्षीय किसान संतोष सिंह पुत्र मान सिंह ने समय-समय पर ज़मीन बेच कर कर्ज और कबीलदारी का बोझ कम करने का यत्न किया, परंतु सारी ज़मीन बेच कर भी वह स्थिर न हो सका। मृतक के भाई कश्मीर सिंह, पूर्व सरपंच राजिन्दर सिंह और प्रधान अमरजीत सिंह ने बताया कि संतोष सिंह काफी समय से परेशान रहता था। उसे अपने दो पुत्रों और दो बेटियों के विवाह करने समेत अन्य कबीलदारियों के साथ दो-चार होना पड़ा। समय-समय पर कृषि में उसको हो रहे घाटे के कारण कर्ज को उतारने के लिए उसको साढ़े छह एकड़ ज़मीन बेचनी पड़ी। यही वजह था कि वह मानसिक तौर पर बहुत परेशान रहता था। परेशानी के चलते संतोख सिंह ने आज प्रातःकाल रेलवे फाटक गांव जसपालों के नज़दीक रेलगाड़ी के नीचे आकर अपनी जान दे दी। रेलवे पुलिस दोराहा ने मृतक संतोख सिंह के भाई कश्मीर सिंह और पुत्र गगनदीप सिंह के बयानों पर 174 की कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए खन्ना के सिविल अस्पताल भेज दिया है।