राक्षसी काम करने वाले फांसी पर लटकाए जाएंगे : मोदी


रामनगर (मंडला), 24 अप्रैल (एजैंसी) : देश में महिलाओं और मासूम बालिकाओं से जुड़े अपराधों के बढ़ने के परिप्रेक्ष्य में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यापक सामाजिक आंदोलन शुरू करने की ज़रूरत बताते हुए कहा कि सामान्यत: परिवारों में बेटियों पर तो नज़र रखी जाती है, लेकिन यदि बेटों की गतिविधियों पर भी नज़र रखी जाए, तो इस तरह के अपराध आसानी से रोके जा सकते हैं।
श्री मोदी ने मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल मंडला ज़िले की रामनगर ग्राम पंचायत में पंचायती राज दिवस के मौके पर आयोजित सभा को संबोधित किया। यह संबोधन देश की सभी लगभग 2 लाख 44 हजार पंचायतों में सजीव प्रसारण के जरिए पहुंचाया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि लेकिन महिलाओं पर अपराध रोकने के लिए जरूरी है कि परिवार के लोग लड़कों की गतिविधियों पर भी नज़र रखें। लड़के गलत राह पर जाएं, तो उन्हें ऐसा करने से रोका जाए। लड़कियों को तो रोका जाता है, लेकिन बेटों को भी गलत राह पर जाने से रोका जाए, तो राक्षसी प्रवृत्ति को पनपने से रोका जा सकता है। बेटों को भी ज़िम्मेदारी सिखाना ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि जो राक्षसी काम करेगा, उसे फांसी पर लटकाया जाएगा। यह सामाजिक सोच बदलने की ज़रूरत है और इसके लिए व्यापक सामाजिक आंदोलन शुरू करने की ज़रूरत है।