स्मार्ट सिटी परियोजना शहरी भारत के ‘पुनर्जागरण’ का प्रतीक : नायडू   

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा): उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने आज केन्द्र सरकार की ‘स्मार्ट सिटी परियोजना’ को आधुनिक शहरी भारत के ‘पुनर्जागरण’ का प्रतीक बताते हुये कहा कि इसकी कामयाबी का एकमात्र मानक जनसामान्य के जीवन स्तर में सुधार है। नायडू ने आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय के स्मार्ट सिटी मिशन के परियोजना निदेशक डा. समीर शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक ‘‘स्मार्ट सिटी अनबंडल्ड’’ का विमोचन करते हुये कहा कि शहरों में मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता को बेहतर कर सामान्य जनजीवन को आसान बनाना ही इस परियोजना का मूल मकसद है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश देश के अधिकांश शहरों में अभी भी मूलभूत सुविधाओं की बदहाली के सच को नकारा नहीं जा सकता है। उल्लेखनीय है कि स्मार्ट सिटी परियोजना साल 2015 में शुरू की गई थी, उस समय नायडू शहरी विकास मंत्री थे। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा ‘‘डिजिटल तकनीक स्मार्ट सिटी परियोजना की रीढ़ है। इसके इस्तेमाल से नवोन्मेषी तरीकों को हथियार बनाकर शहरों में सामान्य जनजीवन को सुगम बनाना जा सकता है।’’