राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल के प्रमुख रहे सिसोदिया को रमन ने किया सम्मानित

रायपुर 27 अप्रैल (वार्ता): आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हाल ही सम्पन्न राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल के प्रमुख रहे (चीफ डी मिशन) विक्रम सिंह सिसोदिया को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह ने आज यहां सम्मानित किया। डॉ.सिंह ने मंत्रालय में आयोजित एक सादे समारोह में कामनवेल्थ श्री सिसोदिया को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह मुख्यमंत्री सचिवालय और खेल विभाग द्वारा आयोजित किया गया। श्री सिसोदिया मुख्यमंत्री डा.सिंह के विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी भी हैं। डॉ.सिंह ने इस अवसर पर कहा कि श्री सिसोदिया को चीफ डी मिशन के रूप में राष्ट्रमंडल खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। इन खेलों में भारत के खिलाड़ियों ने अपना शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को तीसरा स्थान दिलाया, इस गौरवशाली उपलब्धि में चीफ डी मिशन के रूप में श्री सिसोदिया के कुशल नेतृत्व की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। अन्तर्राष्ट्रीय खेलों में श्री सिसोदिया द्वारा अर्जित किए गए बहुमूल्य अनुभव का लाभ छत्तीसगढ़ के खेल जगत को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव अमन कुमार सिंह ने कहा कि विदेश में भारत का प्रतिनिधित्व करना अपेक्षाकृत चुनौतीपूर्ण रहता है। छोटी-छोटी बातों के लिए संघर्ष करना पड़ता है। श्री सिसोदिया ने बड़े ही कुशलतापूर्वक अपने मिशन प्रमुख की जिम्मेदारी का निर्वाह किया, जिसकी वजह से खिलाड़ी निश्चित होकर अपने खेल पर ध्यान दे सके। श्री सिसोदिया के नेतृत्व में कामनवेल्थ खेलों में भारत का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। यह रायपुर शहर, छत्तीसगढ़ और मुख्यमंत्री सचिवालय के लिए गौरव का विषय है। खेल सचिव आर.प्रसन्ना ने कहा कि श्री सिसोदिया के नेतृत्व में आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बाद भारत का तीसरा स्थान रहा। भारत ने कुल 66 पदक जीते। इनमें से 26 स्वर्ण पदक, 20 रजत पदक और 20 कांस्य पदक है। उन्होंने टीम भावना के साथ खिलाड़ियों का बेहतर प्रबंधन के साथ नेतृत्व किया।  श्री सिसोदिया ने छत्तीसगढ़ टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में प्रदेश में टेनिस के खेल को लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अनेक ज़िला मुख्यालयों में टेनिस कोर्ट बनाए गए हैं और इस खेल को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोवा के बाद छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय खेलों के होने वाले आयोजन में श्री सिसोदिया के अनुभव का लाभ मिलेगा। श्री सिसोदिया ने इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से छत्तीसगढ़ में खेलों का अच्छा वातावरण बना है और उन्हें स्वयं भी चीफ डी मिशन के रूप में देश का नेतृत्व करने का अवसर मिला।