श्रीलंका के राष्ट्रपति ने अपने मंत्रिमंडल में किया बदलाव

 
कोलंबो , 1 मई (भाषा): श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने चौथी बार आज अपने मंत्रिमंडल में बदलाव कर 18 मंत्रियों के विभाग बदल दिए। मंत्रिमंडल में यह फेरबदल राष्ट्रीय एकता सरकार से छह मंत्रियों के इस्तीफा देने के कई सप्ताह बाद हुआ है। मंत्रिमंडल में यह बड़ा बदलाव मध्य फरवरी में हुए स्थानीय निकाय चुनाव के बाद से श्रीलंका में जारी राजनीतिक गतिरोध के बाद हुआ है। इस चुनाव में एसएलएफपी और यूएनपी के सत्तारूढ़ गठबंधन को राजपक्षे की नई पार्टी से करारी हार का सामना करना पड़ा था।     पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के नेतृत्व में चार अप्रैल को संयुक्त विपक्ष द्वारा प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में वोट देने के बाद 12 अप्रैल को छह कैबिनेट मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था।  इस इस्तीफे के बाद 12 अप्रैल को राष्ट्रपति ने चार कार्यवाहक कैबिनेट मंत्रियों को शपथ दिलाई थी।