लालू प्रसाद रांची अस्पताल पहुंचे


रांची, 1 मई (एजैंसी): राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद मंगलवार को यहां राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मैडीकल साइंस (रिम्स) पहुंच गए। उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के एम्स से सोमवार को छुट्टी दे दी गई थी, जहां उनके दिल व गुर्दे से जुड़ी बीमारियों का इलाज चल रहा था। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राजधानी एक्सप्रेस से रांची पहुंचे। उन्हें एंबुलेंस में रिम्स ले जाया गया और कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती किया गया है। बिरसा मुंडा सैंट्रल जेल के एक अधिकारी ने बताया कि हम रिम्स से चिकित्सा रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इसके आधार पर हम लालू प्रसाद को जेल ले जाने का फैसला करेंगे। लालू प्रसाद को स्वास्थ्य संबंधी शिकायत के बाद 17 मार्च को रिम्स में भर्ती कराया गया था। वह बिरसा मुंडा जेल में चारा घोटाले से जुड़े मामले में 23 दिसम्बर, 2017 से जेल की सज़ा काट रहे हैं।