गेहूं की आमद ने तोड़ा गत वर्ष का रिकार्ड

खन्ना,  5 मई (हरजिन्द्र सिंह लाल) : पंजाब की मंडियों में गेहूं की आमद अभी जारी है परन्तु आज सायं तक पिछले पूरे वर्ष  में मंडियों में आई 121.02 लाख टन गेहूं का रिकार्ड उस समय टूट गया जब आज सायं तक पंजाब की मंडियों में 121.59 लाख टन गेहूं की आमद हो चुकी थी। गौरतलब है कि गत वर्ष आज के दिन तक पंजाब की मंडियों में कुल 115.30 लाख टन गेहूं ही खरीदी जा सकी थी। गौरतलब है कि आज भी मंडियों में लगभग 74 हज़ार टन गेहूं पहुंची और अभी कुछ दिन गेहूं की आमद की यह रफ्तार जारी रहने की उम्मीद है। 27.64 लाख टन गेहूं अभी भी उठानी बाकी : गौरतलब है कि चाहे पंजाब की मंडियों में आज सायं तक लगभग 94 लाख टन गेहूं की लिफ्ंिटग हो चुकी थी। परन्तु अभी भी पंजाब की मंडियों में 27.64 लाख टन गेहूं उठानी बाकी है। इस बार पंजाब में निजी व्यापारियों द्वारा गेहूं की खरीद में दिलचस्पी नहीं दिखाई गई। पिछली बार निजी व्यापारियों द्वारा आज तक 2 लाख 88 हज़ार टन गेहूं खरीदी गई थी जबकि निजी व्यापारियों द्वारा आज सायं तक 55 हज़ार टन गेहूं ही खरीदी गई है। संगरूर ज़िला सबसे आगे, लुधियाना दूसरे नम्बर पर : गेहूं की आमद में संगरूर ज़िला 11 लाख 8 हज़ार 474 टन गेहूं की आमद के साथ पहले स्थान पर है। 8 लाख 79 हज़ार 222 टन गेहूं की आमद के साथ लुधियाना ज़िला दूसरे नम्बर पर चल रहा है। 8 लाख 69 हज़ार 267 टन गेहूं की आमद के साथ पटियाला तीसरे नम्बर पर है। जबकि सिर्फ 51 हज़ार 666 टन गेहूं की आमद के साथ पठानकोट ज़िला सबसे पीछे चल रहा है। एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी में भी गेहूं की आमद ज्यादा : इस मध्य एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी खन्ना में भी आज सायं तक गत वर्ष की गेहूं की आमद 10 लाख 19 हज़ार 11 क्ंिवटल के मुकाबले में इस बार 11 लाख 33 हज़ार 410 क्ंिवटल गेहूं की आमद हो चुकी है व यह सारी ही सारी गेहूं खरीदी भी जा चुकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक खन्ना मंडी में लगभग 1 लाख 37 हज़ार 130 क्ंिवटल उठानी ही बाकी है। मार्किट कमेटी के सूत्रों के अनुसार खन्ना मंडी में अब तक पंजाब की कई खरीद एजैंसियों ने 30 अप्रैल तक खरीदी गेहूं की अदायगी कर दी है। जबकि एफ.सी.आई. ने 24 अप्रैल तक खरीदी गेहूं, पंजाब एग्रो 21 अप्रैल तक खरीदी गेहूं व पनसप ने 22 अप्रैल तक खरीदी गेहूं की अदायगी ही की है।