गर्मियों के रसीले फल


फलों का हमारे शरीर की शुद्धि में विशेष महत्त्व होता है। फलों द्वारा चिकित्सा भी की जाती है। ताजे फल खाने से मानसिक तनाव भी दूर होता है और ये मोटापे को कम करने में सहायक भी होते हैं। आइये जाने भिन्न-भिन्न प्रकार के फलों के गुणों के बारे में-
पपीता
 पपीता हमारी पाचन शक्ति को बढ़ाता है। जिन लोगों को कब्ज की शिकायत रहती है उन्हें प्रतिदिन पपीते का सेवन करना चाहिए।

खरबूजा
 तरबूज की तरह खरबूजा भी तरावट देने वाला फल है। इसका प्रतिदिन सेवन शारीरिक दुबर्लता को दूर करता है। यह दिल व दिमाग को भी मजबूत बनाता है। खरबूजे पर यदि शक्कर डालकर खाएं तो ज्यादा फायदा होगा। खरबूजा कभी खाली पेट न खाएं क्योंकि इससे पित्त बढ़ सकता है। खरबूजा खाने के बाद दूध व पानी का सेवन भी न करें।
अनार
 अनार में विटामिन सी अधिक मात्रा में पाया जाता है। अनार दिल के मरीजों के लिए बहुत फायदेमंद है। अनार का जूस प्रतिदिन पीने से खून में वृद्धि होती है। इसका प्रयोग आपका वज़न भी बढ़ाता है।
तरबूज
 जिनका लिवर कमजोर होता है उनके लिए तरबूज का सेवन बहुत फायदेमंद है। तरबूज गर्मियों में शरीर में होने वाली पानी की कमी को दूर करता है क्योंकि यह मिनरल से भरपूर होता है। मोटे लोग जो पतला होना चाहते हैं उन्हें प्रतिदिन तरबूज खाना चाहिए क्योंकि इसमें शर्करा की मात्रा ज्यादा नहीं होती। तरबूज हाई ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल रखता है। तरबूज खाते समय यह ध्यान अवश्य रखें कि इसे खाने के पश्चात् पानी न पिएं।
आम
 आम को फलों का राजा कहा जाता है। आम में विटामिन ‘ए’ और ‘सी’ अधिक मात्रा में होते हैं। आम मधुमेह के रोगियों को नहीं खाने चाहिए क्योंकि इसमें शर्करा की मात्रा बहुत अधिक होती है। मोटे लोगों को भी इसका सेवन कम करना चाहिए। आम को खाने से पूर्व अच्छी तरह धो कर, ठंडा करके ही खाएं।
केला
 जो लोग अपना वज़न बढ़ाना चाहते हैं उन्हें प्रतिदिन केले का सेवन करना चाहिए। केले का शहद के साथ सेवन भी सेहत बनाता है। जिन्हें कफ, गैस, गठिया मधुमेह की शिकायत रहती है उन्हें केला नहीं खाना चाहिए। केले को हमेशा सुबह खाली पेट ही खाएं तो ज्यादा बेहतर रहेगा।
फालसा
 गर्मियों का फल है फालसा। फालसे का शर्बत गर्मी में ठंडक प्रदान करता है। यह विटामिन्स से भरपूर होता है। इसका सेवन हार्ट पेशेंट व मधुमेह के रोगियों के लिए फायदेमंद है। यह खून बढ़ाने में भी सहायक है। बदहज़मी व अरूचि होने पर फालसे में सेंधा नमक व काली मिर्च मिलाकर खाने से आराम मिलता है। फालसा गैस व एसिडिटी के रोग को भी दूर करता है।  (स्वास्थ्य दर्पण)
-शैली माथुर