रघुवर सरकार नक्सल समस्या को समाप्त करने के प्रति गंभीर : राजनाथ सिंह

रांची, 11 मई (वार्ता) : केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने नक्सल समस्या को समाप्त करने की दिशा में झारखंड की रघुवर सरकार के प्रयासों की तारीफ करते हुए कहा कि नक्सल समस्या के मामले में मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का काम पूरे देश में बेहतरीन है।  सिंह ने यहां झारखंड मंत्रालय में आयोजित एलडब्ल्यूइ, सुरक्षा व्यवस्था और एसपीरेशनल जिलों की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सल समस्या के मामले में रघुवर सरकार का काम पूरे देश में बेहतरीन है। इस दिशा में झारखंड सरकार ने काफी अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों द्वारा उगाही का मामला हो या केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों के बीच समन्वय की बात हो, चाहे यूनिफाइड कमांड की लगातार हो रही बैठकें हो, झारखंड पूरे देश में सबसे आगे है। काफी कम समय में उम्मीद से ज्यादा सफलता प्राप्त की गई है। राज्य सरकार ने केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के लिए जो आधारभूत संरचना उपलब्ध कराई है, वह श्रेष्ठ है। इन सब चीज़ों से दिखता है कि राज्य सरकार नक्सल समस्या को समाप्त करने के लिए कितनी गंभीर है।