विश्वास मत से पहले ही येदि ने छोड़ी कुर्सी

बेंगलुरु, 19 मई (वार्ता): कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने कांग्रेस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाते हुए विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पर मतदान से पहले ही अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी। येदियुरप्पा ने दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने विधानसभा में पेश विश्वास मत प्रस्ताव को सदन में कार्यवाही के दौरान आगे नहीं बढ़ाया। येदियुरप्पा ने विधायकों के शपथ ग्रहण के बाद अपने भावुक संबोधन में कांग्रेस पर साजिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस पार्टी ने यह सुनिश्चित किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बहुमत साबित नहीं कर पाये। येदियुरप्पा ने विधानसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। कर्नाटक के राज्यपाल वजूभाई वाला ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। इसके बाद  कर्नाटक के राज्यपाल वजूभाई वाला ने बी.एस. येदियुरप्पा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य में अगली सरकार के गठन के लिए जनता दल (एस) के प्रदेश अध्यक्ष एच डी कुमारस्वामी को आमंत्रित किया है और वह सोमवार को शपथ ग्रहण करेंगे। श्री कुमारस्वामी ने आज यहां संवाददाताओं को बताया कि राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने का निमंत्रण दिया है और विधान सभा में बहुमत सिद्ध करने के लिए 15 दिन का समय दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने फैसला किया है कि वह 23 मई दिन बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने जा रहे कुमारस्वामी ने कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी को शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए व्यक्तिगत रुप से आमंत्रित करेंगे। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को भी समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। कांग्रेस और जद (एस) ने 117 विधायकों के समर्थन की सूची राज्यपाल को सौंपते हुए सरकार बनाने का दावा पहले ही पेश कर दिया था। लोकतंत्र की जीत हुई : ममता : तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के इस्तीफे की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आज कहा कि अंतत: लोकतंत्र की जीत हुई। सुश्री बनर्जी ने ट््वीट किया, ‘लोकतंत्र जीता। बधाई कर्नाटक। बधाई देवेगौड़ा जी, कुमारस्वामी जी, कांग्रेस एवं अन्य। क्षेत्रीय मोर्चे की विजय हुई।’ सत्य की हुई जीत : तेजस्वी : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कर्नाटक विधानसभा में शक्ति परीक्षण से पहले मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के इस्तीफे को सत्य की जीत बताया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता यादव ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट््विटर पर लिखा, ‘सत्य को कभी पराजित नहीं किया जा सकता है। सत्य हमेशा झूठ और झूठे लोगों को पराजित करती रहेगा।’ लोकतंत्र का गला घोंटने का भाजपा का प्रयास विफल रहा : केजरीवाल : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कर्नाटक में तीन दिन पुरानी येदियुरप्पा सरकार के गिर जाने के बाद आज कहा कि राज्य में लोकतंत्र का गला घोंटने का भाजपा का प्रयास बुरी तरह विफल हो गया। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने ट््वीट किया, ‘लोकतंत्र का गला घोंटने का भाजपा का प्रयास कर्नाटक में बुरी तरह विफल हो गया। गलत तरीके से सत्ता हथियाने का भाजपा का लालच पूरी तरह बेनकाब हो गया। क्या भाजपा अब इससे सबक लेगी। भारत की न्यायपालिका इस मौके पर सामने आई और उसने लोकतंत्र की रक्षा की।’