कांग्रेस के नैतिक तथा सियासी रुख की हुई पुष्टि : कैप्टन

चंडीगढ़, 19 मई (वार्ता): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कर्नाटक विधानसभा में आज की घटना पर प्रसन्नता जताते हुये कहा है कि इससे कांग्रेस के नैतिक तथा सियासी रुख की पुष्टि हुई है तथा भाजपा को मुंह की खानी पड़ी। उन्होंने आज यहां कर्नाटक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया जताते हुये कहा कि भाजपा असंवैधानिक ढंग से सत्ता पर काबिज होने के लिये इतना गिर सकती है। विधानसभा में बहुमत साबित करने से पहले ही बीएस येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद से  इस्तीफा देना पड़ा। भाजपा सत्ता की भूखी है तथा यह स्पष्ट हो गया है। कर्नाटक में भाजपा तथा राज्यपाल के बीच नापाक गठजोड़ का सच सामने आ गया।    कैप्टन सिंह ने कहा कि राज्यपाल को भी तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिये। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता हैं।