नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप में पिता पर केस दर्ज

बांदा (उप्र), 21 मई (भाषा) : जिले के जसपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला की शिकायत पर पुलिस ने कल उसके पति पर, अपनी ही बेटी से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में केस दर्ज किया है। आरोपी व्यक्ति फरार बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष रणंजय सिंह ने आज यहां बताया कि एक महिला की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ अपनी ही 14 साल की बेटी से कई बार दुष्कर्म करने का केस दर्ज किया गया है। चिकित्सीय परीक्षण में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने दर्ज शिकायत के हवाले से बताया कि महिला पिछले 9 साल से अपने पति के साथ सूरत में रह रही थी। वहां उसके पति ने नाबालिग बेटी से कई बार दुष्कर्म किया और विरोध करने पर महिला की पिटाई की। परेशान महिला कुछ माह पहले बच्ची को लेकर ससुराल आ गई और अपनी सास को सब कुछ बताया। कुछ दिन बाद उसका पति भी गांव लौट आया। शिकायत के अनुसार, उसने गांव में भी बेटी से दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि फिलहाल आरोपी फरार है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।