आइसक्रीम बनाइये और खिलाइये

गर्मी के मौसम में आइसक्रीम का अपना अलग ही महत्व होता है, क्योंकि आइसक्रीम खाने से तन-मन को शीतलता प्राप्त होती है।
ब्लैक ग्रेप्स आइसक्रीम
सामग्री : एक लीटर दूध, 200 ग्राम ब्लैक ग्रेप्स (काला अंगूर) तथा 150 ग्राम शक्कर (चीनी)
बनाने की विधि : सर्वप्रथम दूध को धीमी आंच पर उबालकर गाढ़ा कर लें। जब दूध लगभग 300 ग्राम रह जाये तो उसे उतार कर ठंडा कर लें। ठंडा होने पर उसमें ब्लैक ग्रेप्स को मसल-मसल कर डालते जाइये तथा अंत में अच्छी तरह से मिला लें। उसके बाद इसमें शक्कर डालकर मिला लीजिए और दोबारा आंच पर चढ़ाकर गर्म कर लें। कुछ गर्म हो जाने के बाद उसे उतारकर ठंडा करके आइसक्रीम पॉट में डालकर फ्रिज में रख दें। आधे घंटे के भीतर ‘ग्रेप्स आइसक्रीम’ तैयार हो जायेगी। चाव से इसे खाइये और खिलाइये। आइसक्रीम बनाने के लिए अगर भैंस का ताज़ा दूध इस्तेमाल किया जाए तो अधिक बेहतर होगा।
फ्रेश स्ट्रॉबेरी आइसक्रीम
सामग्री : एक लीटर दूध, 200 ग्राम फ्रैश स्ट्रॉबेरी तथा 100 ग्राम स्ट्रॉबेरी पल्प।
बनाने की विधि : दूध को तेज़ आंच पर उबालकर गाढ़ा कर लीजिए। जब दूध लगभग 250 ग्राम की मात्रा में बच जाये तो उसे उतारकर ठंडा करके उसमें फ्रैश स्ट्रॉबेरी को मसल कर मिला दीजिए। इसमें शक्कर डालकर दोबारा थोड़ा गर्म कर लें। इसके बाद उतारकर इसमें स्ट्रॉबेरी पल्प को अच्छी तरह मिलाकर आइसक्रीम पॉट (सांचा) में डालकर फ्रिज में जमा लें। यह आइसक्रीम अत्यंत स्वादिष्ट होती है।
केसर पिस्ता आइसक्रीम
सामग्री : एक ग्राम केसर, तीस ग्राम पिस्ता, एक लीटर दूध, बीस बूंद गुलाब जल तथा 150 ग्राम शक्कर।
बनाने की विधि : दूध को तेज़ आंच पर उबाल कर गाढ़ा कर लें। फिर उसको उतार कर ठंडा करके उसमें केसर एवं पिस्ता डालकर अच्छी तरह मिला लें और ऊपर से शक्कर डालकर दोबारा गर्म कर लें। गुनगुना हो जाने के बाद इसे उतार कर ठंडा करके इसमें गुलाबजल डालकर आइसक्रीम पॉट में डालकर फ्रिज में जमा लें। ‘केसर-पिस्ता’ आइसक्रीम बनकर तैयार है।
फ्रैश मैंगो आइसक्रीम
सामग्री : 100 ग्राम मैंगो पीस, 200 ग्राम स्वीट मैंगो पल्प, 1 लीटर दूध तथा 150 ग्राम शक्कर।
बनाने की विधि : दूध को तेज़ आंच पर उबालिये। जब यह रबड़ी के समान गाढ़ा हो जाये तो इसे उतार कर इसमें मैंगो पीस, मैंगो पल्प तथा शक्कर मिलाकर पॉट में रखकर फ्रिज में जमा लें। यह अत्यंत स्वादिष्ट आइसक्रीम होती है।

—पूनम दिनकर