गठबंधन सरकार चलाना ‘बड़ी चुनौती’: कुमारस्वामी


बेंगलुरू, 22 मई (भाषा): कर्नाटक के भावी मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने आज स्वीकार किया कि अगले पांच साल कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन की सरकार चलाना उनके लिए ‘बड़ी चुनौती’ रहेगी। कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे कुमारस्वामी ने कहा, ‘मेरी जिंदगी की यह बड़ी चुनौती है। मैं यह अपेक्षा नहीं कर रहा कि मैं आसानी से मुख्यमंत्री के रूप में अपनी ज़िम्मेदारियों को पूरा कर पाऊंगा।’ आदि शंकराचार्य द्वारा पहला मठ स्थापित करने वाले स्थल श्रृंगेरी पहुंचे कुमारस्वामी ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि देवी शारदाम्बे और जगदगुरु की कृपा से चीज़ें सुचारू रूप से चलेंगी।      
इस बीच, शपथ ग्रहण समारोह के आधिकारिक निमंत्रण से संकेत मिलते हैं कि कुमारस्वामी के अलावा कुछ अन्य कल शपथ ले सकते हैं। इसमें कहा गया कि मुख्यमंत्री के अलावा , मंत्रिपरिषद भी शपथ लेगी।