लुधियाना जेल से दो कैदी भागने के मामले में  चार अधिकारी निलंबित


चंडीगढ़, 22 मई (वार्ता): लुधियाना केन्द्रीय जेल से दो कैदियों के भागने की घटना के मामले में जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आज जेल स्टाफ के चार अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए। यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार जेल मंत्री ने यह आदेश उक्त घटना संबंधी जांच रिपोर्ट के आने के बाद दिये हैं। निलंबित किये गये अधिकारियों में जेल अधीक्षक शमशेर सिंह बोपाराय, उपाध्यक्ष मनजीत सिंह टिवाना, सहायक अधीक्षक परविंदर सिंह और मुख्य वार्डर निशान सिंह शामिल हैं। इनके खिलाफ यह कार्यवाही अपनी ड्यूटी में लापरवाही करने के दोष में गई है। 
पिछले दिनों चोरी के आरोप में जेल में बंद दो कैदी, जो सगे भाई थे, लुधियाना केन्द्रीय कारागार से भाग गये थे जिसके बाद जेल मंत्री ने आई.जी. (जेल) को इस घटना की जांच के आदेश दिये थे और अब जांच रिपोर्ट आने के बाद यह कार्यवाही की गई है। जेल मंत्री ने कहा कि अति संवेदनशील और राज्य की सुरक्षा से जुड़े जेल जैसे अहम विभाग में ड्यूटी में लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जेलों की सुरक्षा में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी।