शराब ठेकेदार द्वारा चलाई गोली से ग्रंथी की मौत


तरनतारन/ सरहाली कलां, 23 मई (हरिन्द्र सिंह, परमजीत जोशी, अजय सिंह हुंदल) : हलका खूडर साहिब में पड़ते शराब के ठेकेदारों द्वारा गांव बनवालीपुर में गुंडागर्दी का नंगा नाच किया गया। शराब के ठेकेदार द्वारा चलाई गई गोली के साथ गांव बनवालीपुर के गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद गांव के लोग इकट्ठे हो गए। इस दौरान शराब के ठेकेदार अपनी जान बचाते हुए एक्साईज़ विभाग के दो कर्मचारियों को गांव में छोड़ कर दौड़ गए। जिनको गांव वासियों ने पकड़ कर एक घर में बंद कर दिया। पुलिस को सूचना मिलने पर एस.पी.डी. तिलक राज, डी.एस.पी. पट्टी सोहन सिंह सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और गांव वासियों के कब्ज़े में एक्साईज़ विभाग के पुलिस कर्मचारियों को छुड़ाया। थाना सरहाली में मृतक ग्रंथी के लड़के के बयानों पर कार्रवाई करते पुलिस ने शराब के ठेकेदार जसकरण सिंह व अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शराब के ठेकेदार जसकरण सिंह अपने और कारिंदों व एक्साईज़ विभाग के दो पुलिस कर्मचारियों अशोक कुमार व भगवान सिंह को साथ लेकर गांव बनवालीपुर में पहुंचे व छापामारी की। जहां उन्हाेंने शराब बरामद की।   बताया जाता है कि जब ठेकेदार के कारिंदे पकड़ी गई शराब व भट्ठी को गाड़ी में डाल रहे थे तो गांव के लोगों ने इकट्ठे होकर ठेकेदारों के पत्थर मारने शुरू कर दिये, इस दौरान शराब के ठेकेदार जसकरण सिंह द्वारा अपने रिवाल्वर से किये फायर के साथ कुछ दूरी पर खड़े गांव के गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी दिलबाग सिंह पुत्र धर्म सिंह वासी तूड़ के मुंह पर लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव वासी ठेकेदारों व कारिंदों के साथ-साथ आए दो एक्साईज़ विभाग के पुलिस कर्मचारियों अशोक कुमार व भगवान सिंह के पीछे पड़ गए। इस दौरान मौके का जायज़ा लेते हुए एक्साईज़ विभाग के ठेकेदार अपने अमले सहित फरार हो गए। जबकि अशोक कुमार व भगवान सिंह पुलिस कर्मचारियों को लोगों ने काबू कर लिया। इस अवसर पर गांव वासियों द्वारा ठेकेदारों के खिलाफ जम कर नारेबाज़ी भी की गई व बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से भी लोग गांव बनवालीपुर में पहुंच गए थे। समाचार लिखे जाने तक गांव वासियों ने मृतक ग्रंथी दिलबाग सिंह के शव को गांव में ही रखा हुआ था। इस संबंधी जानकारी देते हुए एस.एस.पी. दर्शन सिंह मान ने बताया कि मृतक गं्रंथी के लड़के लवप्रीत सिंह के बयानों पर थाना सरहाली में शराब के ठेकेदार जसकरण सिंह व उनके अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कत्ल, असला एक्ट व अन्यों धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है व इन व्यक्तियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।