पंचकूला हिंसा : आदित्य इंसां की प्रॉपर्टी होगी अटैच


पंचकूला, 23 मई (सुखविंदर सिंह) : 25 अगस्त को सीबीआई कोर्ट द्वारा डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को यौन शोषण मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद भड़के दंगों को लेकर जांच कर रही पुलिस की एसआईटी टीम अभी तक दंगों के मास्टर माइंड आदित्य इंसां को गिरफ्तार नहीं कर पायी है। 9 महीने का समय बीतने के बाद भी पुलिस आदित्य इंसां को जल्द गिरफ्तार करने की बात कर रही है। पिछली 21 मई को पंचकूला अदालत द्वारा आदित्य इंसां को भगौड़ा घोषित कर दिया गया और आदित्य इंसा की प्रॉपर्टी अटैच करने की प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी। यह जानकारी पंचकूला पुलिस कमिश्नर ए एस चावला ने दी। उन्होंने कहा कि आदित्य इंसां को पकड़ने के लिए पंचकूला पुलिस ने अथक प्रयास किये हैं और उन्हें खेद है की अभी तक वह आदित्य इंसा को गिरफ्तार नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि वह आदित्य इंसा के बहुत नज़दीक पहुंच चुके थे लेकिन वह भागने में कामयाब रहा। उन्होंने कहा कि आदित्य इंसां को न पकड़े जाने से उन्हें लगता है उसने किसी भी दोस्त-रिश्तेदार से सम्पर्क नहीं किया है जिसके चलते उनका काम मुश्किल हुआ है लेकिन पुलिस फिर भी कोशिश करती रहेगी, उन्होंने कहा कि आदित्य इंसां पर 5 लाख का इनाम है अगर इनामी राशि बढ़ाये जाने पर उसकी गिरफ्तारी होने की सम्भावना होती है तो इनामी राशि थी बढ़ा सकते हैं।
हिंसा मामले की एक और वीडियो जारी 25 अगस्त, 2017 को साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दोषी करार देने के बाद पंचकूला में भड़की हिंसा में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी ने एक और वीडियो जारी किया है। इसमें हिंसा के मास्टर माइंड आदित्य इंसां सहित कई अन्य आरोपी है जिन पर इनाम घोषित हैं। एसीपी, क्राइम आदर्शदीप ने बताया कि जो आरोपी अब तक फरार चल रहे हैं, उनकी सूचना देने वालों पर घोषित इनाम भी इस वीडियो में हैं।