अमिताभ बच्चन ने स्वीकार की राठौड़ की फिटनेस चुनौती

मुंबई, 24 मई (भाषा) : सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ की आनलाइन फिटनेस चुनौती स्वीकार की है। ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ नामक इस पहल की शुरूआत खेल मंत्री राठौड़ ने की थी। उन्होंने कुछ दिन पहले इससे संबंधित एक संक्षिप्त वीडियो पोस्ट किया था। 75 बसंत देख चुके अमिताभ ने ट््विटर पर इस चुनौती को स्वीकार किया।  अमिताभ ने ट््विटर पर लिखा ‘हम राठौड़ की’ हम फिट तो इंडिया फिट’ चुनौती को स्वीकार करते हैं....फिटनेस चुनौती का मुख्य मंत्र : ‘लगातार गतिशील रहें’। नियमित फिटनेस के बारे में बताते हुए उन्होंने लिखा कि अपने हर उद्देश्य  के लिए तैयार हों, हर दिन जिम जाएं,  अत्यधिक प्रलोभन को दूर रखें,  साइकिल या वाहन खुद चलाएं,  अकसर उगता सूरज देखें। राठौड़ ने अभिनेता रितिक रोशन, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और बैडमिंटन चैम्पियन साइना नेहवाल से भी इस अभियान में शामिल होने को कहा है।