ओपरा विनफ्रे ब्लैक ब्यूटी विद ब्रेन

टीवी एंकरिंग और किताबों की समीक्षा की दुनिया में सफलता का पर्याय बन चुकीं ओपरा विनफ्रे  दुनिया की सबसे बड़ी मीडिया शख्सियतों में से एक हैं। ओपरा का नाम लेते ही आंखों के सामने एक ऐसी चपल, सजल महिला पत्रकार का चेहरा घूम जाता है, जिसे देखते ही दिल और दिमाग मान लेता है कि इसे दुनिया की हर चीज पता है। 29 जनवरी सन 1954 में ओपरा गेल विनफ्रे  का जन्म अमरीका में कोससियूस्को (मिसिसिपी) में हुआ। दुनिया के लाखों-करोड़ों लोगों की चहेती टीवी एंकर और टीवी पत्रकारिता की दुनिया में सफलता का अद्भुत इतिहास रचने वाली ओपरा विनफ्रे  का वर्तमान जितना शानदार है उसका अतीत उतना ही भयावह है। वह एक किशोर जोड़े की नाजायज औलाद हैं। इसी वजह से दुधमुंहेपन में जब मांएं अपने बच्चों की बलाएं लेती हैं, ओपरा को न मां वर्निता ली की गोद नसीब हुई और न पिता वर्नन का दुलार। उनकी मां वर्निता ली ने उन्हें जन्म के बाद अपनी मां यानी ओपरा को उसकी नानी को सौंप दिया था। ओपरा की नानी हैटी ने ओपरा को बड़े लाड़-प्यार से पाला। लेकिन जब वह अभी 6 वर्ष की ही थीं कि ओपरा को उनकी मां वर्निता ली अपने साथ मिलवॉकी विस्कोंसिन ले गयीं। यहां वर्निता ली एक झोपड़पट्टी में रहती थी। यहीं पर विनफ्रे  का बचपन और किशोरावस्था गुजरी। उसके जीवन का यह समय किसी भयावह दु:स्वप्न से कम नहीं था। पढ़ने में बेहद प्रतिभाशाली विनफ्रे  को गरीबी से ओतप्रोत उन दिनों में न सिर्फ  अपने आसपास के लोगों की बुरी निगाहों का शिकार होना पड़ा बल्कि 14 वर्ष की कच्ची उम्र में वह बिनब्याही मां भी बनीं और इसके पहले कि वह बच्चे के प्रति ममता दर्शा पातीं, उसे खो बैठीं। लेकिन यह विनफ्रे का अतीत था। विनफ्रे का वर्तमान इतनी ज्यादा सफलताओं से ओतप्रोत है कि उनकी सफलताएं किसी चमत्कार से कम नहीं लगतीं। विनफ्रे  मल्टीपल एमी अवार्ड विजेता टीवी एंकर हैं। ओपरा विनफ्रे  का टीवी शो टेलीविजन के इतिहास में दुनिया का सबसे हाई रेटेड टॉक शो है। वह इतनी प्रभावी किताब समीक्षक हैं कि जिस किताब के बारे में वह अपने शो में चर्चा कर देती हैं, वह किताब बेस्टसेलर में शामिल हो जाती है।  इस सब के अलावा ओपरा दो-दो बार आस्कर पुरस्कार के लिए भी नामित की गयीं अदाकारा हैं। दो रिकॉर्ड तोड़ बिकने वाली पत्रिकाओं की संपादक-प्रकाशक हैं। 

प्रस्तुति-फ्यूचर मीडिया नेटवर्क