राजग सरकार ‘जनपथ’ से नहीं, ‘जनमत’ से चलती है : मोदी

कटक, 26 मई (वार्ता) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि उनकी सरकार के चार साल के दौरान जनता में भरोसा पैदा हुआ है और देश ठहराव से निरंतरता तथा कुशासन से सुशासन के रास्ते पर चल पड़ा है। श्री मोदी ने सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर यहां एक सार्वजनिक सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में देश के सवा सौ करोड़ नागरिकों में यह भरोसा पैदा हुआ है कि हिन्दुस्तान बदल सकता है। उन्होंने कहा, ‘पिछले चार साल में स्थितियां बदली हैं, देश ठहराव से निरंतरता की ओर, अव्यवस्था से सुव्यवस्था की ओर, कुशासन से सुशासन की ओर और काले धन से जनधन के रास्ते पर तेज़ गति से बढ़ रहा है।’ उन्होंने कहा कि राजग की सरकार ने सही रास्ते पर चलकर जनता का विश्वास और मत दोनों जीता है और इसी का परिणाम है कि पिछले चार साल में भाजपा ने पांच राज्यों से 20 राज्यों तक सरकार गठन का सफर तय किया है। भाजपा के 1500 से अधिक चुने हुए विधायक हैं। चार साल में भाजपा ‘पंचायत से पार्लियामेंट’  की विशाल पार्टी बन चुकी है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले रिमोट कंट्रोल से चलने वाले प्रधानमंत्री थे, अनेक फैसले प्रधानमंत्री कार्यालय से बाहर लिये जाते थे और मंत्रियों को ई-मेल पर निर्देश दिये जाते थे। उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार ‘जनपथ’ से नहीं ‘जनमत’ से चलती है।’