तेंदुए ने जंगल में बुजुर्ग महिला की ली जान

बहराइच (उत्तर प्रदेश) , 27 मई (भाषा) : कतर्नियाघाट वन्यजीव विहार अंतर्गत बर्दिया इलाके में शनिवार शाम जंगल में लकड़ी बीनने गई एक वृद्ध महिला को तेंदुए ने हमला कर मार डाला। प्रभागीय वन अधिकारी जी.पी. सिंह ने आज बताया कि बर्दिया गांव निवासी वृद्धा कौशल्या (70) गांव के निकट जंगल में लकड़ी बीनने गई थी। उसी समय अपने दो शावकों के साथ वहां मौजूद मादा तेंदुए ने वृद्धा पर हमला कर दिया। लोगों ने शोर मचाकर उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन करीब आधा घंटा हमलावर मादा तेंदुआ अपने शावकों के साथ वहां डटी रही। बाद में शोर अधिक होने पर वह घने जंगल में चली गई। डीएफओ ने बताया कि 10 हज़ार रुपए की तात्कालिक सहायता महिला के परिजनों को दी गई है। तकनीकी विशेषज्ञ तेंदुए के पद चिन्हों की जांच कर रहे हैं। पद चिन्हों की पुष्टि रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उत्तराधिकार प्रमाण पत्र मिलने के बाद 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सिंह ने बताया कि वर्ष 2018 के दौरान सेंचुरी में तेंदुए के हमलों से इंसानी मौत की यह तीसरी घटना है जबकि इस वर्ष तेंदुए के हमलों में चार लोग घायल हुए हैं।