सोनाक्षी सिन्हा 31 वर्ष की हुईं 

मुंबई, 2 जून (वार्ता) : बॉलीवुड की दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा आज 31 वर्ष की हो गईं। 2 जून, 1987 को बिहार के पटना में जन्मी सोनाक्षी सिन्हा को अभिनय की कला विरासत में मिली है। सोनाक्षी के पिता शत्रुध्न सिन्हा जाने माने अभिनेता हैं। सोनाक्षी ने मुंबई के आर्य विद्या मंदिर से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और मुंबई के ही नाथीबाई दामोदर ठाकरे महिला विश्वविद्यालय से फैशन डिजाइनिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की। सोनाक्षी ने 2005 की फिल्म ‘मेरा दिल लेकर देखो’ में कॉस्ट््यूम डिजाइन करके कॉस्ट््यूम डिजाइनर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। फिल्मों में आने से पहले सोनाक्षी मॉडल थीं। वर्ष 2008 और 2009 में सोनाक्षी ने लैक्मे फैशन वीक में रैंप वॉक भी किया था। सोनाक्षी का कहना है कि उनके फिल्मी करियर में सलमान खान का हाथ है। सलमान की सलाह से ही सोनाक्षी ने स्विमिंग, योगा करके अपना 30 किलो वजन कम किया था। सोनाक्षी को पेंटिंग और स्केच बनाने का भी बहुत शौक है। फिल्म‘लुटेरा’में भी वह पेंटिंग करती नजर आईं। उन्हें साड़ी पहनना भी बहुत पसंद है। उन्होंने कई गानों में रैपिंग की है। सोनाक्षी सिन्हा ने अभिनेत्री के तौर पर अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2010 में प्रदर्शित फिल्म दबंग से की।